{"_id":"6653b222528c30c62b062343","slug":"bangladesh-police-reached-kolkata-to-investigate-mp-anwarul-azim-anar-murder-case-2024-05-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Anwarul Azim Anar: नेपाल के रास्ते US भागा आरोपी कारोबारी, हत्या की जांच करने कोलकाता पहुंची बांग्लादेश पुलिस","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Anwarul Azim Anar: नेपाल के रास्ते US भागा आरोपी कारोबारी, हत्या की जांच करने कोलकाता पहुंची बांग्लादेश पुलिस
Mon, 27 May 2024 05:24 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Mon, 27 May 2024 05:24 AM IST
सार
सांसद अनवारुल अजीम अनार हत्याकांड की जांच के लिए बांग्लादेश पुलिस रविवार दोपहर कोलकाता पहुंची। बांग्लादेश पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल सीआईडी से जांच में सहयोग मांगा है। साथ ही गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ करने और बारानगर का दौरा करने की इच्छा व्यक्त की, जहां सांसद अनार रहते थे।
विज्ञापन
बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार (फाइल फोटो)
- फोटो : फेसबुक@MPAnowarulAzimAnar
विस्तार
बांग्लादेश पुलिस की एक तीन सदस्यीय टीम रविवार दोपहर ढाका से सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या की जांच के लिए कोलकाता पहुंची। यहां टीम ने पश्चिम बंगाल सीआईडी से गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ करने और बारानगर का दौरा करने की इच्छा व्यक्त की, जहां सांसद अनार रहते थे। बांग्लादेश पुलिस ने सांसद के दोस्त और जिस मकान में अनार रुके थे, उसके मालिक से बात करने की भी इच्छा व्यक्त की। हालांकि, हत्या का मास्टरमाइंड कारोबारी नेपाल के रास्ते अमेरिका भाग चुका है।
विज्ञापन
नाम न छापने की शर्त पर बंगाल सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेश पुलिस की हर संभव तरीके से सहायता की जाएगी। मामले के संबंध में एकत्र किए गए सभी सबूत बांग्लादेश पुलिस के साथ साझा किए जाएंगे।
विज्ञापन
17 मई तक घर वापस नहीं लौटे सांसद अनार
बारानगर निवासी और सांसद के परिचित गोपाल विश्वास ने 18 मई को अनार के लापता होने की स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि वह इलाज के लिए 12 मई को कोलकाता पहुंचे थे। सांसद अनार 13 मई को डॉक्टर से मिलने के लिए बारानगर स्थित अपने आवास से यह कहकर निकले कि वह रात के खाने पर घर लौटेंगे, लेकिन वह 17 मई तक घर नहीं लौटे और न ही उनसे फोन पर संपर्क हो सका। जिसके बाद विश्वास को गुमशुदगी दर्ज करानी पड़ी।
विज्ञापन
गला घोंटकर हत्या करने के पुलिस को मिले संकेत
गोपाल विश्वास की शिकायत के बाद पुलिस ने बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम की तलाश शुरू की। जांच के दौरान कोलकाता पुलिस को साक्ष्यों से संकेत मिले कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई, जिसके बाद उनके शव को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग इलाकों में फेंक दिया गया। हालांकि, सांसद अनार के शरीर या शरीर के अंगों के निशान अभी तक नहीं मिले हैं।
10 मई को बांग्लादेश पहुंचा था हत्या का मास्टरमाइंड कारोबारी
बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या मामले में ढाका मेट्रोपॉलिटन डिटेक्टिव (डीबी) के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोहम्मद हारून रशीद ने बताया कि हत्या का मास्टरमाइंड कारोबारी अख्तरुज्जमां 10 मई को बांग्लादेश पहुंचा था। यहां से वह नेपाल, दुबई के रास्ते अमेरिका भाग गया। रशीद ने बताया कि इंटरपोल के माध्यम से उसे वापस बांग्लादेश लाने की तैयारी की जा रही है।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से निकलते वक्त डीबी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रशीद ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस और हमारे बीच काफी सूचनाओं का आदान-प्रदान हुआ है। हमारे उच्च अधिकारी अमेरिका से भी संपर्क कर रहे हैं, ताकि आरोपी कारोबारी को बांग्लादेश लाया जा सके। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड अख्तरुज्जमां समेत सभी हत्यारे बांग्लादेशी हैं। बांग्लादेश में पहले ही मामले में धारा 364 के तहत अपहरण का केस दर्ज किया जा चुका है।
घटनास्थल का भी करेंगे दौरा
रशीद ने कहा, पश्चिम बंगाल सीआईडी शव खोजने में जुटी है। वे काफी आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि बांग्लादेशी खुफिया प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कोलकाता के वारदात से जुड़े संजीबा गार्डन, न्यू टाउन के भांगरे कृष्णा माटी इलाके समेत विभिन्न इलाकों का दौरा कर सकते हैं।