आजम खान का भाजपा पर हमला बोले, पश्चिमी उप्र में दहशत फैला रही भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम ख़ां ने बिजनौर के पैदा गांव में हुई हिंसा में चार लोगों की हत्या पर दुख प्रकट करने के साथ ही कड़े शब्दों में घटना की निंदा की है। कहा है कि भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दहशत फैला रही है और एक समुदाय को आगामी चुनाव में मतदान से रोकने के लिए अभी से कोशिश कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले नफ़रत के क़ाबिल हैं। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। कमजोर और मजलूमों पर जुल्म करने वाले मानव कहलाने के हक़दार नहीं हैं।
ये लोग इंसान के भेष में छुपे हैवान हैं। कमजोरों को मारना कोई बहादुरी नहीं है। आजम खान ने आगे कहा की मैं कमजोरों और मजलूमों से वादा करता हूँ कि उनके साथ इंसाफ होगा। दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
'एक समुदाय विशेष में दहशत फैलाना चाहती है भाजपा'
उन्होंने बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक समुदाय विशेष में इस क़दर दहशत फैलाना चाहती है कि वो समुदाय मतदान करने के लिए भी घर से न निकले। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री से भी कमजोर समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
अगर कमजोर समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई तो ये कमजोर लोग अपने घरों से मतदान करने भी नहीं निकलेंगे जोकि भाजपा के मंसूबों की कामयाबी होगी। उधर सपा जिला कार्यालय तोपखाना पर हुई बैठक में सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने बिजनौर की घटना की निंदा की। बैठक में फसाहत अली खां शानू, रानू खां, फैजान खां, नवीन शर्मा, मोहम्मद इरफान खां आदि मौजूद रहे।