आस्ट्रेलियाई धावक पहुंचे ताजमहल, भारत को बताया दुनिया का शांति गुरु
- पैट फारमर ने ताजमहल से दुनिया को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
- पत्नी तान्या फारमर के साथ गुरुवार सुबह जयपुर रोड से पैट फारमर दौड़ते हुए महताब बाग पहुंचे।
विस्तार
आस्ट्रेलिया के पूर्व सांसद और धावक पैट फारमर ने ताजमहल से दुनिया को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। पत्नी तान्या फारमर के साथ गुरुवार सुबह जयपुर रोड से पैट फारमर दौड़ते हुए महताब बाग पहुंचे।
महताब बाग से ताज का दीदार करने के बाद वह शिल्पग्राम होते हुए ताजमहल पहुंचे और यहां सेंट्रल टैंक से बालिका शिक्षा का संदेश दिया। शाम को पैट फारमर के सम्मान में पर्यटन विभाग ने रमाडा प्लाजा होटल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया।
गुरुवार सुबह जयपुर रोड से पैट फारमर महताब बाग पहुंचे। पत्नी तान्या के साथ ताजमहल पहुंचे पैट ने सेंट्रल टैंक पर फोटो शूट कराया और बालिका शिक्षा को दुनिया भर के लिए जरूरी बताया।
'भारत में सभी धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं'
ताज के दीदार से पहले पैट फारमर ने ताज खेमा पर कहा कि बेटी पढ़ाओ का नारा आज समय की जरूरत है। महिला अगर शिक्षित है तो पूरी पीढ़ी बदल जाती है। भारत में दौड़ते समय अनेकता में एकता देख चुके पैट फारमर को विभिन्न भाषाएं, पहनावा, संस्कृति आकर्षित करता है।
आस्ट्रेलियाई धावक के मुताबिक, भारत में सभी धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं। शांति का गुरु भारत ही है। आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एकजुट होकर प्रहार करने की जरूरत है। पैट फारमर ने कहा कि वह आठ साल आस्ट्रेलियाई संसद में सांसद रहे और तीन साल तक शिक्षा मंत्री। इसलिए वह शिक्षा की अहमियत को जानते हैं।
बता दें कि भारत में शांति, सद्भाव, एकता, भाईचारा और बालिका शिक्षा का संदेश देने के लिए आस्ट्रेलियाई धावक पैट फारमर 26 जनवरी से कन्याकुमारी से स्पिरिट इंडिया रन पर निकले हैं।
'65 दिनों में 4600 किमी की दूरी पूरी करेंगे'
26 जनवरी से शुरू हुई उनकी रन 31 मार्च तक श्रीनगर पहुंचेगी। उत्तरी ध्रुव से दक्षिणी ध्रुव तक दौड़ चुके पैट फारमर 65 दिनों के सफर में 4600 किमी की दूरी पूरी करेंगे। हर दिन वह 70 से 80 किमी की दूरी तय करते हैं।
पर्यटन मंत्रालय आस्ट्रेलियाई धावक की स्पिरिट आफ रन की पूरी वीडियो तैयार करा रहा है। इस डाक्यूमेंटरी को दुनिया भर में प्रसारित कराया जाएगा, जिससे भारत की संस्कृति दुनिया तक पहुंचे। पैट के साथ बालिका शिक्षा का संदेश लेकर जो लोग दौड़े हैं, उनके कमेंट के साथ यह डाक्यूमेंटरी तैयार कराई जाएगी।