भाजपा बोली: झूठी मांग दिखा केजरीवाल ने किया लोगों की जान से खिलवाड़
सुप्रीम कोर्ट की ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी की रिपोर्ट पर भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की। सिसोदिया ने कहा- भाजपा के मुख्यालय में बनी फर्जी रिपोर्ट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दिल्ली सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की मांग चार गुना बढ़ाकर बताई। इसके कारण 12 अन्य राज्यों में ऑक्सीजन की कमी हुई और इसके कारण अनेक लोगों की जान गई। कमेटी की इस रिपोर्ट के आधार पर भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ऑक्सीजन के गंभीर मुद्दे पर आपराधिक लापरवाही करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने केजरीवाल पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस तरह की किसी रिपोर्ट के आने पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। सिसोदिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी की ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं आई है। यह फर्जी कहानी भाजपा के मुख्यालय पर रची गई है।
भाजपा ने कहा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी की अंतरिम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि दिल्ली सरकार ने अपने यहां ऑक्सीजन की झूठी मांग बताई। 289 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत होने पर 1140 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग बताई गई। इससे दिल्ली को ज्यादा ऑक्सीजन दी गई और इसके कारण देश के अन्य 12 राज्यों में ऑक्सीजन की कमी पैदा हुई।
दिल्ली भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि ऑक्सीजन की कमी बताकर एक साजिश रची गई। इसके कारण दिल्ली में भ्रम और डर का माहौल पैदा हुआ तो दूसरे राज्यों में ऑक्सीजन की कमी के कारण लोगों की मौतें हुईं। इन मौतों के जिम्मेदार अरविंद केजरीवाल हैं। उन्होंने कहा है कि इस आपराधिक साजिश के लिए अरविंद केजरीवाल पर मुकदमा चलना चाहिए और उन्हें इसकी सजा मिलनी चाहिए।
सिसोदिया ने रिपोर्ट पर ही सवाल उठाए
वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने ऐसी किसी रिपोर्ट के होने पर ही सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा उन्हें वह रिपोर्ट दिखाए जिसे सुप्रीम कोर्ट के पैनल के सदस्यों ने अपना हस्ताक्षर करके पेश किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ऐसी कोई रिपोर्ट अभी तक पेश नहीं की गई है। यह फर्जी रिपोर्ट भाजपा के मुख्यालय पर साजिश रचने के लिए तैयार की गई है और इसका उद्देश्य अरविंद केजरीवाल सरकार को बदनाम करना है।
दिल्ली सरकार भी है कमेटी में साझीदार
दरअसल, दिल्ली में जब अप्रैल-मई में कोरोना अपने चरम पर था, यहां ऑक्सीजन की कमी होने लगी। ऑक्सीजन पर राजनीति गरमाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया जिसे ऑक्सीजन की मांग और आपूर्ति पर एक ऑडिट रिपोर्ट देनी है। दिल्ली सरकार भी इस कमेटी की सदस्य है। डॉ. रणदीप गुलेरिया के अलावा इसमें डॉ. भुपिंदर भल्ला, डॉ. संदीप बुद्धिराजा, डॉ. सुबोध यादव और डॉक्टर संजय के सिंह इसके सदस्य हैं।
क्या है अंतरिम रिपोर्ट में
अंतरिम रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली सरकार ने अपने यहां ऑक्सीजन की मांग चार गुना बढ़ाकर बताई। जिस दिन उसे केवल 289 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत थी, उसने यह मांग 1140 मिट्रिक टन बताई। 3 मई 2021 को जब मुंबई और दिल्ली में लगभग एक समान मरीजों की संख्या थी, दिल्ली ने मुंबई की तुलना में चार गुना ज्यादा ऑक्सीजन मांगी। मुंबई ने 92 हजार मरीजों के लिए केवल 275 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग की, वहीं दिल्ली में उसी दिन 95 हजार मरीज थे जिनके लिए दिल्ली ने 900 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग की।
भाजपा का आरोप है कि दिल्ली सरकार के अलग-अलग सदस्य अलग-अलग ऑक्सीजन की मांग कर रहे थे। सात मई को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग की थी, जबकि उसी दिन पार्टी नेता राघव चड्ढा ने ऑक्सीजन की जरूरत 976 मीट्रिक टन बताई थी।
ऑक्सीजन की कमी के कारण दिल्ली के जयपुर गोल्डन अस्पताल में 24 अप्रैल 2021 को 25 लोगों की मौत हो गई थी। 1 मई 2021 को बत्रा अस्पताल में 12 मरीजों की मौत हो गई थी। इसके अलावा अन्य अनेक अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी से लोगों की जान जाती रही। बीमारों के परिजन ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए दर-दर भटकते रहे।