दस साल पहले हुए एफटीए समझौते पर पुनर्विचार के लिए आसियान देश तैयार
दस साल पहले हुए एफटीए समझौते पर पुनर्विचार के लिए आसियान देश तैयार हो गए हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि सरकार ने एक अध्ययन में पाया कि दस साल पहले लागू हुए मुक्त व्यापार समझौते में हमें बहुत अधिक फायदा नहीं हुआ।
इसके बाद आसियान देशों से इस समझौते पर दोबार विचार करने के लिए बातचीत शुरू की थी जिसके लिए आसियान देश तैयार हो गए हैं। उन्हाेंने कहा, सरकार सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, व्यापार उदारीकरण और डाटा आदान-प्रदान जैसे कई मुद्दों पर आसियान देशों के साथ बात करेगी और सुुनिश्चित करेगी कि इस समझौते में भारतीय बाजारों और घरेलू कंपनियों को नुकसान न हो।
साथ ही उन्होंने बताया कि कॉफी बोर्ड निर्यात के लिए भारतीय ब्रांड तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है।
स्टार्टअप्स के मुफ्त आवेदन के लिए विशेष पैनल
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्टार्टअप का मुफ्त आवेदन की सुविधा देने के लिए 1031 समन्वयकों का पैनल तैयार किया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि स्टार्टअप पेटेंट के लिए शुल्क में 80 फीसदी और ट्रेडमार्क के लिए आवेदन शुल्क में 50 फीसदी तक की छूट प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 1630 पेटेंट आवेदनों के लिए 80 फीसदी और 2895 ट्रेडमार्क आवेदनों को 50 फीसदी की छूट दी गई है। गोयल ने यह भी बताया कि 10 हजार करोड़ रुपये वाले फंड ऑफ फंड्स कोष से स्टार्टअप के लिए अब तक कुल 700 करोड़ रुपये जारी किये जा चुके हैं।
सभी प्रश्न पूरे कराने के लिए सदन ने नायडू को दी बधाई
राज्यसभा में शुक्रवार को मौजूद सदस्यों ने प्रश्नकाल के दौरान सभी प्रश्न पूरे कराने के लिए सभापति वेंकैया नायडू को बधाई दी। इस पर सभापति ने सभी सदस्यों का शुक्रिया अदा करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, दस मंत्रालयों में से कृषि मंत्रालय के सात सवाल, वाणिज्य मंत्रालय के पांच, रेलवे के तीन सवालों पर चर्चा होनी थी।
इसके अलावा प्रश्न काल के पूरक प्रश्नों, शून्य काल के सभी मुद्दे, सभी विशेष मुद्दाें समेत आज का पूरा विधायी कार्य आप सब मौजूद सदस्यों के सहयोग से शांतिपूर्ण पूरा हो सका। इससे पहले 27 नवंबर को भी उच्च सदन में सभी 15 सवालों पर चर्चा पूरी हुई थी।
इस दौरान अपनी सीट से उठकर दूसरी ओर जाते कांग्रेस नेता जयराम रमेश को रोकते हुए सभापति ने मजाकिया लहजे में कहा, ये गलत है और ऐसा करने की अनुमति सदन में नहीं है। इस पर मजाकिया लहजे में पीयूष गोयल ने कहा, जयराम रमेश भाजपा के नजदीक आ रहे हैं।