एग्जिट पोल के नतीजों पर बोले अरुण जेटली, कहा- ऐसा ही रहेगा वास्तविक परिणाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव 2019 के मतदान के सातों चरण संपन्न हुए और एग्जिट पोल ने आगामी चुनावी परिस्थितियों का संभावित खाका सामने रख दिया। भाजपा को फिर सत्ता देते एग्जिट पोल के नतीजों को एक ओर जहां विपक्षी दल सिरे से नकार रहे हैं वहीं, सत्ता पक्ष इन अंदेशों से फूला नहीं समा रहा। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने उम्मीद जताई है कि 2019 का चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के अनुरूप ही रहेगा।
रविवार शाम को सातवें और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हुए और इसके बाद जारी हुए एग्जिट पोल में एक बार फिर भाजपा नीत एनडीए सरकार को बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाते हुए दिखाया गया। इक्का-दुक्का पोल को छोड़ दें तो लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए को 272 के जादुई आंकड़े को पार करते हुए दिखाया गया है।
एग्जिट पोल जारी होने के बाद जेटली ने अपने ब्लॉग 'एग्जिट पोल का संदेश' में लिखा, ‘हममें से कई एग्जिट पोल की सत्यता और उसके सटीक होने को लेकर तकरार कर सकते हैं। लेकिन वास्तविकता यह है कि विभिन्न एग्जिट पोल में एक समान संदेश है और परिणाम भी मोटे तौर पर इसी संदेश के अनुरूप होंगे।’
'नतीजे बताएंगे कि परिपक्व हुआ है भारतीय लोकतंत्र'
उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में ईवीएम का कोई योगदान नहीं होता है। ऐसे में अगर आम चुनाव का वास्तविक परिणाम भी एग्जिट पोल के मुताबिक रहा तो विपक्ष द्वारा उठाए गए फर्जी ईवीएम मुद्दे का भी अस्तित्व नहीं रह जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि परिणाम ऐसा ही रहा तो स्पष्ट हो जाएगा कि भारतीय लोकतंत्र काफी परिपक्व हो गया है।
उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो जाएगा कि मतदाता अपनी पसंद चुनने से पहले राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि मानते हैं। जब अच्छे विचार रखने वाले लोग समान विचार के साथ एक ही दिशा में वोट करते हैं तब यह लहर पैदा करता है।
कांग्रेस का उल्लेख करते हुए जेटली ने कहा कि गांधी परिवार ग्रैंड ओल्ड पार्टी के लिये बोझ बन गया है। कांग्रेस में प्रथम परिवार अब पूंजी नहीं बल्कि बोझ बन गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता अब प्रतिद्वन्द्वियों के गठबंधन पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। जेटली ने कहा कि जाति आधारित गठबंधन अब मान्य नहीं है और अब लोग फर्जी मुद्दे पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं ।