{"_id":"626d8f3f12520877d1175198","slug":"april-2022-was-the-highest-temperature-in-122-years","type":"story","status":"publish","title_hn":"त्राहिमाम: अप्रैल में आसमान से बरसी भीषण आग, 50 के पार पहुंचेगा पारा, ओडिशा ने बदला स्कूल खुलने का समय","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
त्राहिमाम: अप्रैल में आसमान से बरसी भीषण आग, 50 के पार पहुंचेगा पारा, ओडिशा ने बदला स्कूल खुलने का समय
Sun, 01 May 2022 01:04 AM IST
Jeet Kumar
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
Published by: Jeet Kumar
Updated Sun, 01 May 2022 01:04 AM IST
सार
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा के मुताबिक, तपिश का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा और अधिकतम तापमान मई में भी सामान्य से अधिक रहेगा। अप्रैल में देशभर का औसत अधिकतम तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
गर्मी का टॉर्चर
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर भारत में चढ़ते पारे ने न सिर्फ अप्रैल में गर्मी को चरम पर पहुंचाया, बल्कि समूचे देश के औसत अधिकतम तापमान को भी 122 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया। आसमान से बरसती आग के कारण तपती दोपहरी और सुलगती शाम ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया।
विज्ञापन
मौसम विभाग के शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक इस बार अप्रैल में उत्तर पश्चिम व मध्य भारत का औसत अधिकतम तापमान क्रमश: 35.9 और 37.78 डिग्री तक पहुंचा जो 122 साल में सबसे अधिक रहा।
विज्ञापन
वहीं ओडिशा सरकार ने सभी स्कूलों में सुबह 6 बजे से सुबह 9 बजे तक पढ़ाने का समय पुनर्निर्धारित किया। हालांकि, विभिन्न बोर्डों और परिषदों द्वारा पहले से निर्धारित परीक्षा पहले की तरह ही जारी रहेगी।
विज्ञापन
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा के मुताबिक, तपिश का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा और अधिकतम तापमान मई में भी सामान्य से अधिक रहेगा। अप्रैल में देशभर का औसत अधिकतम तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली, यूपी समेत गुजरात, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में फिलहाल गरमी से राहत के आसार नहीं हैं। मई में चढ़ते पारे से दिन जहां तपेंगे, वहीं देश के अधिकांश हिस्सों में रातें भी गरम रहेंगी। दक्षिणी पठार के कुछ इलाकों में जरूर थोड़ी राहत रहेगी।
मोहापात्रा ने यह भी बताया कि मई में देशभर में औसत बारिश भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। हालांकि उत्तर पश्चिम व उत्तरी पूर्वी भारत और दक्षिणी पठार के आखिरी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं।
भारत पाकिस्तान की गर्मी के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार ठहराना जल्दबाजी
मौसम पर निगरानी करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था विश्व मौसम संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान में पड़ रही भीषण गर्मी के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार ठहराना जल्दबाजी होगी। डब्ल्यूएमओ के मुताबिक लू चलना स्वाभाविक है और इस बार पिछले सालों की तुलना में यह समय से थोड़ा पहले शुरू हो गई। यह सब बदलती हुई जलवायु के अनुरूप है।
50 तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के मई के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम पारा 50 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। राजस्थान में अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 1956 में 52.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं मध्य भारत में इस साल अप्रैल में औसत अधिकतम तापमान 37.78 डिग्री सेल्सियस था, जो 1973 में दर्ज किए गए 37.75 डिग्री के औसत से अधिक था। मोहापात्रा ने कहा, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में मई के दौरान सामान्य से अधिक तापमान का अनुभव होगा।
मई के पहले हफ्ते में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बौछार से राहत की आस
मौसम विभाग के मुताबिक मई के पहले हफ्ते में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इससे कुछ इलाकों में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। लेकिन उसके बाद आगे मई में पारा चढ़ने का सिलसिला फिर शुरू होगा। अधिकतम तापमान मई में भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
अप्रैल में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा
मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा। अप्रैल में उत्तर पश्चिम भारत में औसत न्यूनतम तापमान 19.44 डिग्री था, जो लंबी अवधि के औसत से 1.75 डिग्री अधिक था। मार्च में, उत्तर पश्चिम भारत में वर्षा में लगभग 89 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि अप्रैल में यह कमी लगभग 83 प्रतिशत थी। मोहापात्रा के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में प्री-मानसून वर्षा में कमी का कारण कमजोर और शुष्क पश्चिमी विक्षोभ था।
50 शहरों में केंद्र खोलेगा मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग देशभर के 50 शहरों में अपने केंद्र खोलेगा। यहां से स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान जारी किए जाएंगे। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा ने शनिवार को बताया कि यह बिलकुल दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर होगा।
पिछले साल जून में एनसीआर के लिए 13 केंद्र खोले थे। इसी तरह अगले एक साल में देशभर में 50 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई और बंगलूरू जैसे महानगरों में पहले चरण के तहत स्थानीय केंद्र खोले जाएंगे।
महाराष्ट्र का चंद्रपुर रहा देश का सबसे गर्म क्षेत्र
सूर्य की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार दूसरे दिन देश के कई शहरों में आसमान से आग बरस रही है। राजस्थान के गंगानगर, झारखंड में दौलतगंज और विदर्भ में ब्रह्मपुरी, चंद्रपुरी में तापमान 46 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। चढ़ते पारे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मध्य प्रदेश के नौगांव, खुजराहो में तापमान जहां 45 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। वहीं ग्वालियर, दमोह, सतना, रीवा और सीधी में तापमान 44 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
वहीं छत्तीसगढ़ में दुर्ग और रायपुर में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के 12 शहरों में आसमान से आग बरस रही है, इसमें सबसे खराब हालात गंगानगर के हैं, जहां तापमान 40 डिग्री को पार करता दिख रहा है।
वहीं चुरू में पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 45.2 डिग्री, बाड़मेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश के झांसी, अलीगढ़ और उरई में सबसे अधिक गर्मी हुई। झांसी में पारा 45.2 डिग्री, अलीगढ़ में 44 और उरई में भी 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
सबसे खराब हालात देश के विदर्भ में हैं। जहां ज्यादातर शहरों में पारा 44 डिग्री को पार करता दिखा। चंद्रपुर में तापमान 40 डिग्री को पार करता दिखा। वहीं अकोला में 45 डिग्री और रामपुर में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। महाराष्ट्र का चंद्रपुर भारत का सबसे गर्म क्षेत्र था, जहां शनिवार को 46.6 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 46 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
नौ राज्यों के 40 से अधिक शहरों में शनिवार को 44 डिग्री सेल्सियस और इससे अधिक तापमान दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां के प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर में भी गर्मी अपने पूरे शबाब पर है।