{"_id":"6abba3769242ceb29d0a4a9a","slug":"andhra-pradesh-vijayawada-woman-murder-allegedly-killed-over-money-dispute-body-cut-into-nine-pieces-2026-09-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"विजयवाड़ा हत्याकांड: महिला का गला रेतने के बाद शव के नौ टुकड़े किए, नहर में फेंके; किस बात से शुरू हुआ विवाद?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
विजयवाड़ा हत्याकांड: महिला का गला रेतने के बाद शव के नौ टुकड़े किए, नहर में फेंके; किस बात से शुरू हुआ विवाद?
Tue, 29 Sep 2026 05:09 PM IST
शिवम गर्ग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विजयवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विजयवाड़ा
Published by: शिवम गर्ग
Updated Tue, 29 Sep 2026 05:09 PM IST
सार
विजयवाड़ा में पैसे के विवाद के बाद महिला कल्याणी की कथित हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शव के नौ टुकड़े कर नहर में फेंके गए। दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
विज्ञापन
हत्या (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक कसाई ने पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी परिचित महिला की कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के नौ टुकड़े किए गए और उन्हें नहर में फेंक दिया गया।
विज्ञापन
मृतका की पहचान कल्याणी के रूप में हुई है। पुलिस को इब्राहिमपट्टनम इलाके में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कल्याणी के परिजनों ने उसके हाथ पर बने टैटू के जरिए शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने हत्या की जांच आगे बढ़ाई।
विज्ञापन
पैसे को लेकर विवाद की बात सामने आई
जांच के दौरान पुलिस को शफी नाम के एक कसाई पर शक हुआ। वह भवानीपुरम में मटन की छोटी दुकान चलाता है। पुलिस के अनुसार, शफी और कल्याणी एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। कल्याणी के बेटे से जुड़े एक पुराने विवाद के कारण भी दोनों के रिश्तों में तनाव होने की बात सामने आई है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को शफी कल्याणी को अपने घर लेकर गया था। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर कथित तौर पर विवाद हुआ। इसी दौरान शफी ने चाकू से कल्याणी पर हमला किया और उसका गला काट दिया।
शव के नौ टुकड़े करने का आरोप
जांच एजेंसियों को शक है कि हत्या के बाद शफी ने शव के नौ टुकड़े किए। पुलिस के अनुसार, मटन की दुकान पर काम करने वाले गुरुवुलु ने कथित तौर पर शव के टुकड़ों को ले जाने में उसकी मदद की। पुलिस का कहना है कि शव के हिस्सों को गोल्लापुड़ी इलाके के कूलिंग कैनाल में फेंका गया। फिलहाल पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस खंगाल रही हत्या की पूरी कड़ी
इब्राहिमपट्टनम के सर्किल इंस्पेक्टर सुब्रह्मण्यम के अनुसार, पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, दोनों संदिग्धों की कथित भूमिका और शव को ठिकाने लगाने के तरीके की जांच कर रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि अज्ञात शव की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचने से मृतका के परिजन उसकी पहचान कर सके। इसी पहचान के बाद जांच को आगे बढ़ाने और संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिली। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या में दोनों संदिग्धों की क्या-क्या भूमिका थी।