{"_id":"6039e2c58ebc3ee8f8517d4b","slug":"andhra-pradesh-parents-sell-their-12-year-old-girl-for-rs-10000-to-fund-treatment-for-elder-daughter-child-was-rescued","type":"story","status":"publish","title_hn":"आंध्रप्रदेश: ये कैसी लाचारी! मां-बाप ने बड़ी बेटी के इलाज के लिए छोटी को 10 हजार में बेचा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
आंध्रप्रदेश: ये कैसी लाचारी! मां-बाप ने बड़ी बेटी के इलाज के लिए छोटी को 10 हजार में बेचा
Sat, 27 Feb 2021 11:57 AM IST
स्नेहा बलूनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमरावती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमरावती
Published by: स्नेहा बलूनी
Updated Sat, 27 Feb 2021 11:57 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Social Media
दुनिया में गरीबी एक ऐसी बीमारी है जिसका कोई इलाज नहीं है। ये गरीबी किसी व्यक्ति को कितना लाचार और बेबस बना सकती है इसका अंदाजा आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की घटना से लगाया जा सकता है। यहां एक दिहाड़ी मजदूरी करने वाले एक दंपति ने अपनी बड़ी बेटी के इलाज के खर्चे के लिए छोटी बेटी को 46 साल के शख्स को बेच दिया। बच्ची को बाद में महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अधिकारियों ने छुड़वा लिया है।
विज्ञापन
दंपति की 12 और 16 साल की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सांस की बीमारी से जूझ रही है और उसका काफी समय से इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने 12 साल की बेटी को 46 साल के अधेड़ शख्स को बेच दिया जिसकी पहचान चिन्ना सुबैया के तौर पर हुई है। सुबैया ने बुधवार को लड़की से शादी कर ली थी। एक दिन बाद, उसे महिला और बाल कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा बचाया गया। उसे जिले के शिशु देखभाल केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है।
विज्ञापन
दंपति ने बेटी के लिए मांगे थे 25,000 रुपये
सुबैया कोट्टुर निवासी दंपती के पड़ोस में ही रहता है। उसने सौदेबाजी करके 10 हजार रुपये में सौदे को पक्का किया जबकि दंपती ने उससे 25,000 रुपये की मांग की थी। पुलिस ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण सुबैया की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। बताया जा रहा है कि अतीत में भी सुबैया ने परिवार को उनकी दूसरी बेटी से शादी करने का प्रस्ताव दिया था।
विज्ञापन
पड़ोसियों ने किया आगाह
नाबालिग को खरीदने के बाद सुबैया ने उससे शादी की और बुधवार रात दामपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर ले आया। पड़ोसियों ने बच्ची के चीखने और रोने की आवाज सुनी। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अधिकारी ने कहा, 'वे (पड़ोसी) सुब्बैया के रिश्तेदारों के घर गए और पूछा की क्या हो रहा है। उन्होंने फिर स्थानीय सरपंच से संपर्क किया, जिन्होंने हमें मामले की जानकारी दी।' पुलिस सुबैया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।