Amit Shah Deepfake Video: पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमानत, सप्ताह में दो दिन जांच अधिकारी के सामने पेशी
Amit Shah Deepfake Video: पुलिस ने तेलंगाना कांग्रेस के पांच सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें इस शर्त के साथ जमानत दी कि प्रत्येक व्यक्ति को 10,000 रुपये की दो जमानत राशि जमा करनी होगी।
विस्तार
देशभर में चुनावी माहौल के बीच गृहमंत्री अमित शाह का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ। इस मामले में पुलिस ने तेलंगाना में कांग्रेस के पांच सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया। कोर्ट ने पांचों को इस शर्त के साथ जमानत दी कि प्रत्येक को 10,000 रुपये की दो जमानत राशि जमा करनी होगी। इसके अलावा आरोपियों को अगले आदेश तक सोमवार और शुक्रवार को जांच अधिकारी के सामने पेश होना होगा।
27 अप्रैल को पुलिस को मिली थी शिकायत
27 अप्रैल को पुलिस को तेलंगाना के एक भाजपा नेता से शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तेलंगाना कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर अमित शाह के भाषण का डीपफेक वीडियो पोस्ट कर आईटी एक्ट का उल्लंघन किया है। पुलिस ने कहा कि वीडियो में छेड़छाड़ की गई और मतदाताओं को गुमराह करने का काम किया गया। यह भी बताया गया कि इस डीपफेक वीडियो का उद्देश्य ओबीसी समुदायों के बीच डर पैदा करना है। पुलिस ने इस मामले में अलग अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एक्स ने हटाया डीपफेक वीडियो
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल को मेडक में एक जनसभा के दौरान अमित शाह ने भाषण दिया था। एक व्यक्ति को भाषण का एक डीपफेक वीडियो मिला तो उसने इस वीडियो को वॉट्सएप के माध्यम से अलग अलग जगह साझा कर दिया। इसके अलावा इस वीडियो को एक्स पर @INCTelangana हैंडल से अपलोड किया गया। एक्स ने इस वीडियो की जांच की तो मामला संवेदनशील निकला। इसके बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया गया। अमित शाह के डीपफेक वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी पूछताछ के लिए बुलाया था।
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के डीपफेक वीडियो मामले में 'स्पिरिट ऑफ कांग्रेस' एक्स अकाउंट संभालने वाले अरुण रेड्डी को गिरफ्तार किया है।
Delhi Police arrest Arun Reddy, who handles the 'Spirit of Congress' X account, in the Union Home Minister Amit Shah doctored video case: Delhi Police pic.twitter.com/gB5L6Pzcbp
— ANI (@ANI) May 3, 2024