{"_id":"686775db9ca668a26f0d9392","slug":"amit-shah-maharashtra-visit-updates-unveil-the-statue-of-shrimant-thorle-bajirao-peshwa-know-all-about-it-2025-07-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Amit Shah Maharashtra Visit: अमित शाह का पुणे दौरा; 'श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा' की प्रतिमा का किया अनावरण","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Amit Shah Maharashtra Visit: अमित शाह का पुणे दौरा; 'श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा' की प्रतिमा का किया अनावरण
Fri, 04 Jul 2025 01:32 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Fri, 04 Jul 2025 01:32 PM IST
सार
हाल फिलहाल में यह अमित शाह का महाराष्ट्र का पांचवां दौरा है, जो राज्य में आगामी स्थानीय और नगर निकाय चुनावों से पहले हो रहा है। राज्य में इस साल अक्तूबर-नवंबर में चुनाव होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Amit Shah
- फोटो : PTI
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को महाराष्ट्र दौरे पर हैं। वे गुरुवार रात को पुणे पहुंचे थे। यहां शाह चार कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले उन्होंने पुणे के पास खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 'श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा' की प्रतिमा का अनावरण किया। 13.5 फुट ऊंची, 4,000 किलोग्राम वजन की कांस्य प्रतिमा श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा प्रतिष्ठान की ओर से एनडीए को दान की गई है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के प्रशिक्षुओं से बातचीत भी की।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि मराठा साम्राज्य के योद्धा पेशवा बाजीराव के स्मारक के लिए पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परिसर सबसे उपयुक्त स्थान है। शाह ने एनडीए परिसर में प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि एनडीए उनके स्मारक के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है, क्योंकि यह वह अकादमी है, जहां सैन्य नेतृत्व को प्रशिक्षित किया जा रहा है। अगर शिवाजी महाराज की ओर से शुरू की गई और पेशवाओं की ओर से 100 वर्षों तक आगे बढ़ाई गई स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं लड़ी गई होती, तो भारत का मूल ढांचा अस्तित्व में नहीं होता। अपने 40 वर्षों के जीवन में पेशवा बाजीराव ने एक अमर इतिहास लिखा, जिसे कोई अन्य व्यक्ति नहीं लिख सकता।'
विज्ञापन
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अन्य लोग इस समारोह में शामिल हुए। यहां से शाह कोंढवा में जयराज खेल एवं सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। वह खादी मशीन चौक स्थित बालासाहेब देवड़ा अस्पताल का दौरा भी करेंगे। इसके बाद वडाचीवाड़ी में हेल्थ सिटी की आधारशिला रखेंगे। वे बाद में अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
विज्ञापन
यातायात डायवर्जन के संबंध में निर्देश जारी
अमित शाह के दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यातायात डायवर्जन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कालेपदल, कोंढवा और भारती विद्यापीठ यातायात विभाग के तहत सभी माल परिवहन वाहन, डंपर, मिक्सर, ट्रक, भारी, बड़े और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को 4 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक मंतरवाड़ी फाटा से खादी मशीन चौक से कटराज चौक के बीच सड़क पर चलने पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।
अक्तूबर-नवंबर में निकाय चुनाव होने की उम्मीद
यह अमित शाह का महाराष्ट्र का पांचवां दौरा है, जो राज्य में आगामी स्थानीय और नगर निकाय चुनावों से पहले हो रहा है। राज्य में इस साल अक्तूबर-नवंबर में चुनाव होने की उम्मीद है। 1 जुलाई को महाराष्ट्र भाजपा के नए प्रमुख रवींद्र चव्हाण के चुनाव के बाद यह उनका पहला दौरा है। शाह ने इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से स्थानीय और नगर निकाय चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति की जीत की राह जारी रखने के लिए आगामी चुनावों के लिए कमर कसने को कहा था।
इस साल अमित शाह का महाराष्ट्र का पांचवां दौरा
उन्होंने 22 फरवरी को पुणे का दौरा किया था। वे 12 अप्रैल को छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि देने के लिए रायगढ़ किले गए थे। 26 और 27 मई को उन्होंने नागपुर, नांदेड़ और मुंबई में कई कार्यक्रमों में भाग लिया था। इसके अलावा 20 जून को उन्होंने मुंबई में महाराष्ट्र चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर के कार्यालय का उद्घाटन किया था।