माओवाद के खात्मे के लिए अमित शाह ने बुलाई बैठक, कई राज्यों के मुख्यमंत्री हुए शामिल
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियानों और माओवाद प्रभावित इलाकों में की जा रहीं विकास के पहलों की प्रगति की समीक्षा बैठक कर रहे हैं। बैठक में नक्सल हिंसा प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास मौजूद हैं।
अमित शाह के गृह मंत्रालय का कार्यभार संभालने के करीब तीन महीने बाद यह अपनी तरह की पहली बैठक है। बैठक में अर्धसैनिक बलों और गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी भी शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को बताया था कि गृह मंत्री नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियानों और माओवाद प्रभावित इलाकों में की जा रहीं पहलों की प्रगति की सोमवार को समीक्षा करेंगे। माओवाद प्रभावित दस राज्यों में छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2009-13 के दौरान नक्सल हिंसा कुल 8,782 मामले सामने आए जबकि 2014-18 के दौरान 43.4 फीसदी की कमी के साथ 4,969 मामले सामने आए। मंत्रालय के अनुसार 2009-13 के दौरान सुरक्षा बल के कर्मियों सहित 3,326 लोगों की जान गई, जबकि 2014-18 में 60.4 प्रतिशत कम 1,321 मौतें हुईं।
2009 और 2018 के बीच कुल 1,400 नक्सली मारे गए। देशभर में इस साल पहले पांच महीनों में नक्सल हिंसा की 310 घटनाएं हुईं, जिसमें 88 लोग मारे गए हैं।
Delhi: Union Home Minister Amit Shah holds an inter-state council meeting on anti-Maoist operations. Chhattisgarh CM Bhupesh Baghel, Madhya Pradesh CM Kamal Nath, UP CM Yogi Adityanath, Odisha CM Naveen Patnaik, and Jharkhand CM Raghubhar Das present at the meeting. pic.twitter.com/etbkyIwjkx
— ANI (@ANI) August 26, 2019