अमर उजाला पोल: 60 फीसदी लोग बोले सिद्धू के लिए बीजेपी ही है बेहतर विकल्प
नवजोत सिंह सिद्धू के राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा देने के बाद कयासों का दौर चल रहा था कि सिद्धू का अगला कदम क्या होगा। अटकलें लगाई जा रही थीं कि सिद्धू बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि ये भी कहा गया था कि सिद्धू ने राज्यसभा से इस्तीफा दिया है और वे बीजेपी में ही बने रहेंगे।
आम आदमी पार्टी में सिद्धू की अटकलों के पीछे राजनीतिक विश्लेषक तर्क दे रहे थे कि आम आदमी पार्टी आगामी पंजाब चुनाव में उन्हें सीएम पद का प्रत्याशी घोषित कर सकती है। वहीं कांग्रेस में जाने को लेकर भी खबरों का बाजार गर्म रहा।
ऐसे में अमर उजाला के द्वारा एक ऑनलाइन पोल कराया गया। इस पोल के जरिए पूछा गया था कि सिद्धू के राजनीतिक करियर के लिए कौन सी राजनीतिक पार्टी बेहतर होगी।
ये रहे पोल के परिणाम
अमर उजाला ऑनलाइन पोल के परिणाम के अनुसार 59.64 फीसदी लोग कहते हैं कि पूर्व भाजपा सांसद सिद्धू के लिए बीजेपी ही सबसे बेहतर पार्टी है और उन्हें उसी में रहना चाहिए।
इस सर्वे में शामिल हुए एक चौथाई लोग सिद्धू के लिए आम आदमी पार्टी को बेहतर विकल्प बता रहे हैं। हालांकि ये संख्या बीजेपी को विकल्प बताने वालों से बहुत कम है। 26.88 फीसदी लोगों का मानना है कि सिद्धू को आप का दामन थाम लेना चाहिए।
सबसे कम 13.48 फीसदी लोग ही ऐसे हैं जिन्हें सिद्धू के लिए सबसे बेहतर विकल्प कांग्रेस लग रहा है। हालांकि अभी तक सिद्धू ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, और खुद को पंजाब का सिपाही बताते हुए उसी की सेवा करने की बात कही है।