फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Aircraft Bird Hit incident in India know how dangerous it is and why it happens majorly in Monsoon Season explained news in hindi

Bird Hit on Aircraft: आखिर कितना खतरनाक है उड़ते विमान से पक्षी का टकराना, जानें मानसून में क्यों बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

Mon, 20 Jun 2022 04:41 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 20 Jun 2022 04:41 PM IST
विज्ञापन
सार
यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विमान से पक्षी टकराने की घटना कितनी बड़ी है? पक्षी के टकराने से इन विमानों में ऐसी क्या खराबी पैदा हो गई जो इनकी इमरजेंसी लैंडिंग तक करानी पड़ गई? इसके अलावा क्या पक्षियों का विमानों से टकराना हवाई सुरक्षा के लिए घातक है? 
loader
Aircraft Bird Hit incident in India know how dangerous it is and why it happens majorly in Monsoon Season explained news in hindi
भारत में रविवार को बर्ड हिट की घटनाओं के चलते दो विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। - फोटो : iStock

विस्तार

भारत में रविवार के दिन दो बड़े हादसे टल गए। पहली घटना सुबह स्पाइसजेट की पटना से दिल्ली आ रही फ्लाइट के साथ हुई, जबकि दूसरी घटना गुवाहाटी से दिल्ली आ रहे विमान के साथ हुई। दोनों ही फ्लाइट्स में समस्या बीच उड़ान के दौरान पक्षी के टकराने से आई। इन दोनों घटनाओं के बाद विमानों को आनन-फानन में वापस एयरपोर्ट लौटाकर इनकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और मेंटेनेंस के लिए इन्हें उड़ान भरने से रोक दिया गया। 

 
इस बीच यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विमान से पक्षी टकराने की घटना कितनी बड़ी है? पक्षी के टकराने से इन विमानों में ऐसी क्या खराबी पैदा हो गई जो इनकी इमरजेंसी लैंडिंग तक करानी पड़ गई? इसके अलावा क्या पक्षियों का विमानों से टकराना हवाई सुरक्षा के लिए घातक है? इतनी ऊंचाई पर पक्षी टकराने की घटना क्यों होती है और आखिर इस समस्या का हल क्या है?

 
पहले जानें- रविवार को दो फ्लाइट्स की आपात लैंडिंग क्यों?
रविवार सुबह गुवाहाटी से उड़ान भरने वाले एक इंडिगो ए320 नियो एयरक्राफ्ट का इंजन पक्षी के टकराने की वजह से खराब हो गया था। बताया गया था कि जब यह पक्षी इंजन में फंसा तब विमान 1600 फीट की ऊंचाई पर था। इसके बाद पायलटों ने एहतियात बरतते हुए विमान को गुवाहाटी एयरपोर्ट लौटाने की सूचना दी और प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। 
 
दूसरी घटना पटना से दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट फ्लाइट के साथ हुई। बोइंग 737-800 विमान के पायलटों को टेक-ऑफ के दौरान ही पक्षी के विमान से टकराने की आशंका हुई। टेक-ऑफ के ठीक बाद जब विमान ने उड़ान जारी रखी तो केबिन क्रू ने उन्हें सूचना दी कि विमान के बाएं इंजन से चिंगारी निकल रही है। इसके बाद एयरपोर्ट के ट्रैफिक कंट्रोल ने भी विमान के पायलटों को इंजन से धुआं निकलने की सूचना दी। इसके बाद विमान की पटना में ही इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। 
 
विमान से पक्षी के टकराने की घटना है क्या, इससे क्या हो सकता है?
उड़ान भरने जा रहे या भर चुके विमान के लिए पक्षी का टकराना सबसे आम खतरा है। ऐसी घटनाएं ज्यादातर किसी फ्लाइट के टेकऑफ के दौरान ही होती हैं। हर दिन विमानों के साथ चिड़िया के टकराने की कई घटनाएं होती हैं, लेकिन कई बार विमान के कुछ अहम हिस्सों से पक्षी का टकराना इसके लिए घातक हो सकता है। जैसे अगर कोई पक्षी विमान के एयरफ्रेम (आगे के ढांचे) से टकराता है, तो इससे उड़ान भरने में कोई दिक्कत नहीं होती। लेकिन अगर कोई पक्षी विमान के इंजन में समा जाए, तो उसके फंसने से फ्लाइट को ऊर्जा देने वाले पावर प्लांट्स को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में पूरा इंजन ही खराब हो सकता है। चूंकि एक विमान में बाईं और दाईं तरफ मौजूद दो इंजन पूरी उड़ान को संतुलित रखते हैं, ऐसे में किसी भी एक तरफ इंजन के खराब होने से पायलट को विमान का संतुलन बनाए रखने में दिक्कत आ सकती है। 
 
अगर कभी पायलट को विमान के इंजन से पक्षी के टकराने की आशंका होती है तो नियमों के तहत वह सबसे करीबी एयरपोर्ट के ग्राउंड क्रू और ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना देता है। वैसे तो विमान के एयरफ्रेम से पक्षी के टकराने की घटना पर एटीसी को सूचना देना जरूरी नहीं है, लेकिन अगर कोई पक्षी विमान की खिड़की या विमान की विंडस्क्रीन (पायलट के सामने वाले शीशे) से टकराता है और उसे क्षतिग्रस्त कर देता है तो पायलट के लिए विमान को जल्द से जल्द लैंड कराना जरूरी होता है।
 
हवाई सुरक्षा के लिए कितना खतरनाक है विमान से पक्षी का टकराना?

आमतौर पर छोटे विमानों के लिए पक्षी का टकराना ज्यादा खतरनाक हो सकता है। हालांकि, ज्यादातर आधुनिक एयरलाइनर इस तरह से तैयार किए जा रहे हैं कि वे एक इंजन के खराब होने के बाद भी दूसरे इंजन के सहारे सुरक्षित लैंड कर सकें। रविवार को इंडिगो और स्पाइसजेट के विमान भी इसी तरह की आधुनिक तकनीक से बने हैं। एक चिंता की बात यह है कि विमान से पक्षी टकराने की ज्यादातर घटनाएं टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान होती हैं। इसलिए उड़ान के बेहद कठिन समय के वक्त पायलटों का ध्यान भटकना पूरे विमान की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है। 
 
आखिर विमान से पक्षी टकराने की घटना होती क्यों है और इसका समाधान क्या है?
देश के ज्यादातर बड़े शहरों में एयरपोर्ट्स को घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर बनाया गया है। इसके चलते एयरपोर्ट्स और जंगल वाले इलाकों के बीच दूरी काफी कम रह जाती है। मानसून सीजन में बारिश की वजह से एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में कीड़े पैदा होते हैं और इन्हें पकड़ने के लिए इन इलाकों में पक्षियों का निकलना भी शुरू हो जाता है। इसी के चलते मानसून के दौरान एयरपोर्ट के पास विमानों और पक्षियों के टकराने की घटना सबसे ज्यादा होती है। इसके अलावा एयरफील्ड के पास मौजूद कचरे के ढेर की वजह से भी पक्षी इसी इलाके में मौजूद रहते हैं, जो कि हादसे का कारण बनता है। 
 
कई बार काफी ऊंचाई पर उड़ रहे विमान भी पक्षियों से टकरा जाते हैं। यह कम ऊंचाई पर उड़ रही फ्लाइट्स से टकराने से ज्यादा खतरनाक होता है, क्योंकि अचानक पक्षी के टकराने और विमान के क्षतिग्रस्त होने से विमान में दबाव अचानक कम हो जाता है। 
 
डीजीसीए ने विमानों से पक्षी के टकराने की घटना पर कुछ गाइडलाइंस तैयार की हैं। इसके तहत विमानन नियामकों को नियमित अंतराल पर एयरपोर्ट और इसके आसपास के क्षेत्र की जांच करना जरूरी है। इसके अलावा विमानन अफसर स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर एयरोड्रोम की भी जांच करते हैं ताकि उन्हें पक्षियों का ठिकाना बनने से रोका जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed