AIR India: अहमदाबाद हादसे के बाद एअर इंडिया का फैसला; वाइडबॉडी विमानों की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 15% तक कीं कम
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने अहम फैसला किया है। एयरलाइन ने बुधवार को घोषणा की है कि उसने अगले कुछ हफ्तों के लिए वाइडबॉडी विमानों में संचालित अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 फीसदी की कटौती की है। यह कटौती जुलाई के मध्य तक जारी रहेगी।
विस्तार
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयरलाइन कंपनी ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। एअर इंडिया ने अगले कुछ हफ्तों के लिए वाइडबॉडी विमानों में संचालित अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% की कटौती की है। यह कटौती अभी से लेकर 20 जून के बीच लागू की जाएगी। उसके बाद कम से कम जुलाई के मध्य तक जारी रहेगी।
एयरलाइन ने कई चुनौतियों का हवाला दिया है, जिसमें अनिवार्य सुरक्षा निरीक्षण, क्षेत्रीय रात्रि हवाई क्षेत्र में कर्फ्यू, मध्य पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और इंजीनियरिंग और कॉकपिट टीमों द्वारा अपनाई गई सतर्क परिचालन मुद्रा शामिल है।
पिछले छह दिन में रद्द की 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
एअर इंडिया ने 18 जून को एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 फीसदी की कटौती का फैसला परिचालन की स्थिरता सुनिश्चित करने, दक्षता में सुधार करने और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए लिया गया है। एयरलाइन ने कहा है कि पिछले छह दिनों में, एअर इंडिया ने परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं।
ये भी पढ़ें: Air India Tragedy: अब तक DNA जांच से 208 पीड़ितों की हुई पहचान, 170 शव परिजनों को सौंपे गए; 35 विदेशी शामिल
प्रभावित यात्रियों को दिए जाएंगे वैकल्पिक विकल्प
कम उड़ान कार्यक्रम से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प दिए जाएंगे, जिसमें बिना किसी अतिरिक्त लागत के पुनः बुकिंग या पूर्ण धनवापसी शामिल है। संशोधित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम, जो 20 जून 2025 से प्रभावी होगा, जल्द ही जारी किया जाएगा।
सुरक्षा और जांच पर ध्यान
एअर इंडिया ने बताया कि उसके 33 बोइंग 787-8/9 विमानों में से 26 की जरूरी सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है। ये जांच नागरिक उड्डयन विभाग (DGCA) ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद अनिवार्य की थी। बाकी बचे विमानों की जांच चल रही है और जल्दी ही उन्हें भी उड़ान की अनुमति मिल जाएगी। एअर इंडिया ने एहतियात के तौर पर अपने बोइंग 777 विमानों की भी इसी तरह जांच करवाई है। एअर इंडिया ने कहा, 'हम अपने यात्रियों, पायलटों और विमानों की सुरक्षा को सबसे जरूरी मानते हैं और इसके लिए DGCA, AAIB और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।'
दुर्घटना पीड़ितों के परिवारों की मदद
AI-171 विमान हादसे में 241 लोगों की मौत पर एअर इंडिया ने गहरा दुख जताया है। एयरलाइन ने कहा कि वह पीड़ितों और घायलों के परिवारों की मदद के लिए गुजरात सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। टाटा समूह और एअर इंडिया के स्वयंसेवक अहमदाबाद में अस्पताल समन्वय में सहायता करने और पार्थिव शरीर की सम्मानजनक वापसी में सहायता करने के लिए तैनात हैं। एअर इंडिया ने कहा, 'हम विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को अपना परिवार मानते हैं और इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से उनके साथ हैं।'
ये भी पढ़ें: Air India Tragedy: विमान हादसे के लिए चंद्रशेखरन ने मांगी माफी, कहा- मैं निशब्द, हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं
यात्रियों को हुई असुविधा पर मांगी माफी
एअर इंडिया ने माना कि कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रोके जाने से यात्रियों को परेशानी हुई है। इसके लिए एयरलाइन ने यात्रियों से माफी मांगी है। हालांकि, एयरलाइन ने बताया कि यह कदम सुरक्षा, मजबूती और भरोसेमंद सेवा बनाए रखने के लिए जरूरी था।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.