तमिलनाडु का सीएम बनना चाहते थे दिनाकरन, पुलिस पूछताछ में किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनाकरन व उनके सहयोगी मलिकार्जुन को लेकर दिल्ली पुलिस अपराध शाखा की नौ सदस्य टीम बृहस्पतिवार को विमान से चेन्नई पहुंच गई। पुलिस पूछताछ में दिनाकरन ने सुकेश से जान-पहचान की बात को कबूल किया है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान दिनाकरन ने पुलिस को बताया कि शशिकला के जेल जाने के बाद वह आरके नगर से उपचुनाव जीतकर तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनना चाहते थे। इसी वजह से वह हर हाल में अपनी पार्टी का चुनाव चिह्न प्राप्त करना चाहते थे। बिचौलिये सुकेश के जरिये वह चुनाव आयोग के अधिकारियों को पचास करोड़ की रिश्वत देकर फैसला अपने पक्ष में कराना चाहते थे।
चेन्नई पहुंचने पर दिल्ली पुलिस को दिनाकरन के समर्थकों का विरोध भी झेलना पड़ा। पुलिस टीम सीधे दिनाकरन के घर पहुंची। पुलिस ने वहां तलाशी ली। पुलिस दिनाकरन का वह फोन बरामद करने का प्रयास कर रही है, जिससे वह सुकेश चंद्रशेखर से बात कर रहे थे। इधर, पुलिस पूछताछ में दिनाकरन ने माना कि उनके कहने पर सहयोगी मलिकार्जुन ने तमिलनाडु के कुछ कारोबारियों से 10 करोड़ रुपये मुहैया करवाए थे, जिन्हें हवाला के जरिये दिल्ली सुकेश के पास भेज दिया गया था।
सूत्रों का कहना है कि कोच्चि के शेख फैजल नामक कारोबारी ने रुपयों को दिल्ली पहुंचवाने में मदद की थी। इसके अलावा पुलिस को सुकेश के कोच्चि स्थित घर की भी तलाशी लेनी है। माना जा रहा है कि फैजल की तलाश व सुकेश की घर की तलाशी के लिए पुलिस टीम कोच्चि भी जाएगी।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि मलिकार्जुन ने तमिलनाडु के कारोबारियों से 50 करोड़ रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा था। अब 10 करोड़ रुपये किन कारोबारियों ने भेजे और सुकेश ने इन रुपयों का क्या किया, पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि एआईएडीएमके पार्टी में चुनाव चिह्न को लेकर पनीरसेल्वम और शशिकला गुट के बीच विवाद चल रहा था। मामला चुनाव आयोग के पास था। इसी दौरान शशिकला के भतीजे व पार्टी नेता टीटीवी दिनाकरन ने बिचौलिये सुकेश चंद्रशेखर के जरिये चुनाव आयोग को पचास करोड़ की रिश्वत देकर फैसला अपने पक्ष में कराने की कोशिश की। इसके लिए सुकेश को 10 करोड़ रुपये दिल्ली में हवाला के जरिये मुहैया करा दिए गए, लेकिन उससे पूर्व पुलिस ने सुकेश को दिल्ली के पांच सितारा होटल से दबोच लिया। उसके पास से 1.30 करोड़ रुपये बरामद हुए थे।