122 यात्रियों की जिंदगी को खतरे में डालकर उड़ता रहा AI का विमान
एयर इंडिया का विमान सिक्योरिटी प्रोटोकॉल तोड़कर बर्ड हिट का शिकार होने के बावजूद भोपाल से दिल्ली की उड़ान भरता रहा। इस विमान में 122 यात्री सवार थे। एयर इंडिया-436 के विमान में बर्ड हिट की वजह से लीकेज हो रहा था।
विमान में लीकेज की वजह से फ्यूल कम होने की स्थिति में पायलट ने दिल्ली में आपातकालीन लैंडिंग की परमीशन मांगी थी। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग को इस वजह से दरकिनार किया गया क्योंकि इसने तय नियमों का पालन नहीं किया था।
जिसके बाद विमान को जयपुर में लैंड कराने के लिए कहा गया। आखिरकार विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली जाने वाले इस विमान में 122 यात्री सवार थे, जिसे बाद में जयपुर में डाइवर्ट किया गया।
भाजपा के बड़े नेता थे विमान में सवार
जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने बर्ड हिट की घटना से इंकार किया है। उसके मुताबिक पायलट ने फ्यूल की कमी की सूचना दी थी जिस वजह से विमान को डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया मामले का आंकलन कर रही है।
बड़े खतरे को साथ लेकर उड़ते रहे इस विमान में कई वीआईपी यात्री समेत भाजपा के तीन बड़े नेता भी शामिल थे। इन बड़े नेताओं में भाजपा सांसद लक्ष्मी नारायण यादव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा और मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष नन्द कुमार सिंह भी सवार थे।
आपात स्थिति में हुई इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इन नेताओं ने पायलट को धन्यवाद दिया। जयपुर में आपात लैंडिंग के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग के द्वारा दिल्ली रवाना किया गया।