नोटबंदी के बाद लागू हो नसबंदी: गिरिराज सिंह
केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि नोटबंदी के बाद अब देश की जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी की जरूरत है। गिरिराज ने अपने संसदीय क्षेत्र नवादा के एक कार्यक्रम में इस तरह की बात कही।
गिरिराज सिंह ने कहा है कि हर साल हम ऑस्ट्रेलिया के बराबर जनसंख्या पैदा कर रहे हैं। सिंह ने जनसंख्या को विकास में बाधक बताते हुए कहा कि हमारे संसाधन सीमित है इस वजह से राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए हमें एक मजबूत कानून की जरूरत है।
पीएम मोदी ने जिस तरह से कालाधन को कम करने के लिए नोटबंदी का निर्णय लिया है उसी तरह से विकास के लिए हमें एक सख्त कानून की जरूरत है जिससे जनसंख्या को नियंत्रित किया जा सके।
'इस योजना से बीजेपी की नसबंदी हो जाएगी'
वहीं गिरिराज सिंह के बयान के जवाब में जदयू के वरिष्ठ नेता ने कहा है कि "बड़े पैमाने पर नसबंदी होने की योजना लागू होगी कि नहीं लेकिन इस योजना से बीजेपी की नसबंदी हो जाएगी"।
गिरिराज बिहार भाजपा के अकेले ऐसे नेता नहीं है जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के सख्त कानून की बात की है, इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान भी इस तरह की बात कह चुके हैं। अपनी बात को स्पष्ट करते हुए सिंह ने कहा कि उनकी किसी बात को किसी विशेष समुदाय से जोड़कर कतई नहीं देखा जाना चाहिए। वो बहुत पहले से जनसंख्या नियंत्रण कानून की बात कर चुके हैं।
बांग्लादेश और मलेशिया में भी इसके लिए कानून है। अगर ये भारत में लागू होता है तो इसमें कोई गड़बड़ नहीं है। गिरिराज सिंह इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। राम मंदिर और मोदी विरोधियों को पाकिस्तान भेजने की बात करकर सिंह चर्चा की वजह बने रहे हैं।