वायरल: विज्ञापन में उड़ाया राहुल गांधी और सोनिया गांधी का मजाक! नाराज कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
एक कंपनी के विज्ञापन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के कथित अपमान से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
एक कंपनी के विज्ञापन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के कथित अपमान से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। एक दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुंबई स्थिति ड्रिंक्स निर्माता कंपनी स्टोरिया फूड्स के कार्यालय के बाहर जमकर तोड़फोड़ और नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जान बूझकर वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं का मजाक बनाया गया है। इस विज्ञापन को लेकर मुंबई के अंधेरी(ईस्ट) पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को स्टोरिया फूड्स कंपनी के हालिया विज्ञापन को लेकर कंपनी के मुंबई कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई कांग्रेस महासचिव नितिन सावंत के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता स्टोरिया फूड्स के कार्यालय गए और कार्यालय के फर्नीचर में तोड़फोड़ की। इस दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने हंगामा करने वालों में कई लोगों को हिरासत में लिया है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि स्टोरिया फूड्स ने हाल ही में एक विज्ञापन रिलीज किया है, रिया फूड्स के चॉकलेट शेक प्रोडक्ट के लिए बने विज्ञापन में राहुल गांधी और सोनिया गांधी जैसे दिखने वाले दो किरदार हैं। इसमें कथित तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी का मजाक उड़ाया गया है। इसमें राहुल गांधी का किरदार निभाने वाला एक्टर आकर अपनी मम्मी से कहता है, ‘मम्मी मैं एक ऐसी मशीन बनाऊंगा, जिसमें इधर से घास डालेंगे, तो उधर से दूध निकलेगा।’ इसके जवाब में सोनिया गांधी किरदार में दिखाई देने वाली एक्ट्रेस कहती है कि उसे मशीन नहीं गाय कहते हैं। इसके बाद इस विज्ञापन में प्रोडक्ट की खासियत बताई गई है। इस विज्ञापन को राहुल गांधी के एक ओर से आलू डालो और दूसरी ओर से सोना निकलेगा जैसे बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
#WATCH Congress workers held a protest today at the #Mumbai office of Storia Foods over the company's recent advertisement allegedly mocking Congress leaders Sonia Gandhi and Rahul Gandhi
— ANI (@ANI) April 27, 2021
(Video source: Mobile footage) pic.twitter.com/LOi48quAD1
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह का वीडियो प्रधानमंत्री मोदी पर बनाने की हिम्मत इस कंपनी में नहीं है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी का अपमान कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं सहेंगे, लेकिन जवाब में सोशल मीडिया में इसपर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने विरोध करके इस विज्ञापन की तरफ लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.