Mumbai: परीक्षण के दौरान मोनोरेल ट्रेन एकतरफ झुकी, पटरी बदलते वक्त हुआ हादसा, 3 लोग घायल
मुंबई में परीक्षण के दौरान खाली मोनोरेल ट्रेन पटरी से उतर गई, जिसके बाद वो बीम से जा टकराई। इस हादसे में 3 कर्मचारी घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विस्तार
मुंबई के वडाला डिपो में बुधवार (05 नवंबर) सुबह परीक्षण के दौरान नवनिर्मित मोनोरेल ट्रेन का एक खाली डिब्बा पटरी से उतर गया और बीम से टकरा गया, जिससे ट्रेन कैप्टन समेत तीन कर्मचारी घायल हो गए और डिब्बे को गंभीर नुकसान पहुंचा। जब यह घटना घटी, तब ट्रेन में कोई यात्री नहीं था।
मोनोरेल का संचालन करने वाली महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमएमएमओसीएल) ने इसे एक "मामूली घटना" बताया और कहा कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ है, जबकि एक नगर निगम अधिकारी ने कहा कि मोनोरेल के तीन कर्मचारियों को चोटें आईं हैं और उनका अस्पताल में इलाज कराया गया है।
बता दें कि बार-बार आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के मद्देनजर प्रणाली उन्नयन कार्य के लिए महानगर में नियमित मोनोरेल परिचालन 20 सितंबर को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया था। नगर निगम अधिकारी ने बताया कि ट्रेन का पहला डिब्बा पटरी की बीम से टकराया और उसका अगला हिस्सा हवा में उछल गया और डिब्बे का पिछला हिस्सा भी झुक गया, जिसे शाम को एक भारी-भरकम क्रेन की मदद से पटरी से हटाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पहले कोच के अंडरगियर, कपलिंग और बोगियों को भारी नुकसान पहुंचा है, साथ ही पहियों के कवर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गलियारे के नीचे से देखने पर ट्रेन दो बीमों के बीच फंसी हुई दिखाई दी, जिसका एक हिस्सा हवा में लटका हुआ था।
मोनोरेल प्रणाली में बोगी या गाड़ी जमीन से ऊपर उठी (एलिवेटेड) बीम के नीचे स्थित होती है, तथा इसमें पहिए और सस्पेंशन लगे होते हैं, जो बीम के साथ ट्रेन को दिशा और सहारा देते हैं। एमएमएमओपीएल ने मेधा एसएमएच रेल प्राइवेट लिमिटेड से 55 करोड़ रुपये प्रति कोच की दर से 10 चार-कोच वाली मोनोरेल ट्रेन खरीदी हैं। संचालक ने बताया कि संचार आधारित ट्रेन नियंत्रण सिग्नलिंग प्रौद्योगिकी का परीक्षण मोनोरेल प्रणाली पर किया जा रहा है, जिसका क्रियान्वयन परियोजना के लिए नामित ठेकेदार मेधा एसएमएच द्वारा किया जा रहा है।
इससे पहले मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने बार-बार हो रही तकनीकी गड़बड़ियों की विस्तृत जांच के लिए एक समिति गठित की थी। पिछले महीनों में 20 अगस्त और 15 सितंबर को आई तकनीकी खराबियों के चलते सैकड़ों यात्री अलग-अलग स्थानों पर दो मोनोरेल ट्रेनों में फंस गए थे।
20 अगस्त 2025 को भारी बारिश के दौरान चेंबूर और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच मोनोरेल खराब हो गई थी, जिससे 500 से अधिक यात्री ट्रेन में फंस गए थे। इसके बाद 15 सितंबर 2025 को, एक अन्य मोनोरेल ट्रेन में सॉफ्टवेयर खराबी आने से वडाला स्टेशन के पास 17 यात्रियों की आपातकालीन स्थिति से निकालना पड़ा था। जिसके चलते दो घंटे तक सेवाएं बाधित रही थीं।
