आज के दिन: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में प्रचार का आखिरी दिन, रिफाइनरी में आग के चलते पीएम का राजस्थान दौरा रद्द
नमस्कार! आज है मंगलवार , 21 अप्रैल । इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 21अप्रैल 2026 को बैसाख मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। इसके साथ ही तमिलनाडु में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। पश्चिम बंगाल में भी प्रथम चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होगा।
राष्ट्रपति का ओडिशा दौरा
शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। वह सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला के दौरे पर जाएंगी, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करने के साथ साथ कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।
उपराष्ट्रपति का मेरठ दौरा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मंगलवार को मेरठ आएंगे। वह आईआईएमटी विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान दौरा रद्द
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राजस्थान का दौरा रद्द हो गया है। दरअसल वह पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोरसायन परिसर का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन उद्घाटन से पहले सोमवार को ही परिसर में आग लग गई, जिसके चलते पीएम मोदी का दौरा रद्द हो गया है। पचपदरा रिफाइनरी देश की आधुनिक बीएस-6 मानकों पर आधारित एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसकी कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता लगभग 9 मिलियन टन सालाना है, जबकि पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की क्षमता करीब 2 मिलियन टन निर्धारित की गई है। इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन एक साथ किया जाएगा। रिफाइनरी के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति मुख्यतः अरब देशों से होगी, वहीं राजस्थान में उत्पादित लगभग 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का भी उपयोग किया जाएगा। यह परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
आज शाम 5 बजे से चुनावी राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में साइलेंस पीरियड लागू हो जाएगा। इस दौरान किसी भी तरह के चुनावी प्रचार या मतदाताओं को प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रसारण पर पूरी तरह रोक रहेगी। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126(1)(बी) के तहत मतदान होने से 48 घंटे पहले ‘साइलेंस पीरियड’ लागू हो जाता है। इस दौरान टीवी, रेडियो या अन्य किसी भी माध्यम से चुनाव से जुड़ी ऐसी सामग्री प्रसारित नहीं की जा सकती, जो मतदाताओं को प्रभावित करे। इन दोनों राज्यों में 23 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं। नतीजे 4 मई को आएंगे।
कांग्रेस करेगी प्रेस वार्ताएं
कांग्रेस मंगलवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रेस वार्ताएं करेगी। कांग्रेस ने 21 अप्रैल को देश के 29 शहरों में बड़े स्तर पर प्रेस वार्ताएं रखी हैं। शुक्रवार को लोकसभा में पेश किया गया संविधान संशोधन विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा। कुल 528 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया, जिसमें 298 ने पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया।
आईपीएल में हैदराबाद और दिल्ली के बीच मुकाबला
आईपीएल में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होगा। यह मैच शाम 7:30 से हैदराबाद में शुरू होगा।