फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   12 hour bandh in Darjeeling Kalimpong on Saturday over Siliguri girl murder NEWS AND UPDATES

Big News: बंगाल में युवती की हत्या पर नहीं थम रहा बवाल, तेलंगाना सचिवालय में मंदिर, मस्जिद, चर्च का उद्घाटन

Fri, 25 Aug 2023 11:09 PM IST
Jeet Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिलीगुड़ी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिलीगुड़ी Published by: Jeet Kumar Updated Fri, 25 Aug 2023 11:09 PM IST
सार

पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में एक नाबालिग छात्रा की हत्या को लेकर विरोध अभी थमा नहीं है। गोरखा सेवा सेना ने दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में शनिवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है

विज्ञापन
12 hour bandh in Darjeeling Kalimpong on Saturday over Siliguri girl murder NEWS AND UPDATES
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Social Media

विस्तार

पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में एक नाबालिग छात्रा की हत्या को लेकर विरोध अभी थमा नहीं है। हालांकि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं गोरखा सेवा सेना ने दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में शनिवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है, जिसमें मांग की गई है कि छात्रा की हत्या के आरोपी पर फास्ट-ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाया जाए।

विज्ञापन


बंद सुबह 6 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, साथ ही कर्सियांग, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के टैक्सी संघों ने इस बंद का समर्थन किया है। वहीं इससे पहले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सिलीगुड़ी में 12 घंटे का बंद बुलाया था जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन


बता दें कि सोमवार की शाम सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा इलाके में एक जर्जर मकान में बच्ची का शव मिला था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी ने छात्रा का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की लेकिन जब उसने विरोध किया तो उसने उसे पीट-पीटकर मार डाला।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि जिस पत्थर से लड़की पर हमला किया गया था उसे भी बरामद कर लिया गया है। लड़की एक नेपाली-माध्यम स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस ने बताया कि वह स्कूल से घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने उसे रोक लिया और जर्जर घर में उससे दुष्कर्म की कोशिश की। 

इस बीच, भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) के प्रमुख अनित थापा ने संकेत दिया कि उनका संगठन न तो शनिवार के बंद का समर्थन करेगा और न ही इसका विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने बंद बुलाया है उन्हें समझना होगा कि मामला अदालत में है।

भाजयुमो, एबीवीपी ने स्नातक छात्र की मौत पर जादवपुर में रैली निकाली
भाजयुमो और एबीवीपी ने इस महीने की शुरुआत में जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास में एक छात्र की मौत के विरोध में शुक्रवार को दक्षिण कोलकाता में एक रैली आयोजित की। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने गोलपार्क से जादवपुर 8बी बस स्टैंड तक रैली का नेतृत्व किया। परिसर में रैगिंग की निंदा करते हुए मार्च में शामिल लोगों ने विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संघों के खिलाफ नारे लगाए।

अधिकारी ने कहा कि यह बंगाल के लिए बहुत शर्मनाक है कि (जादवपुर विश्वविद्यालय के) छात्र होने की आड़ में कुछ लोग एक राजनीतिक रैली में जूते दिखा रहे हैं। रैली में कई उच्च शिक्षित व्यक्ति भाग ले रहे हैं।

टीएमसी ने पोस्ट किया कि हम इस तरह की गुंडागर्दी और बंगाल में शांति को बाधित करने के सरासर प्रयास की निंदा करते हैं। जैसे ही रैली 2 किमी की दूरी तय करके गुजरी, विश्वविद्यालय के द्वार बंद कर दिए गए और यातायात रुक गया।

गोवा में एक साल में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध दोगुने से अधिक
गोवा में बीते एक साल में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध दोगुने से भी अधिक हो गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिलाओं ने खुद को सोशल मीडिया पर धोखेबाजों के प्रति संवेदनशील बना लिया है। पुलिस अधीक्षक सुनीता सावंत ने कहा कि महिलाओं के साइबर अपराधियों के शिकार होने का मुख्य कारण यह है कि वे सोशल मीडिया पर खुद को असुरक्षित बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस ने 2022 में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध के 90 मामले दर्ज किए थे, जबकि राज्य ने 2021 में ऐसे 38 मामले दर्ज किए थे। एक साल की अवधि में ऐसे मामलों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरएस सरकार के खिलाफ नारे लगाए
हैदराबाद में तेलंगाना की शिक्षा मंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी के कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरएस सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आरोप लगाया कि उसने चुनाव के दौरान किए गए वादों को लागू नहीं किया। बाद में प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया।
 

तेलंगाना सचिवालय परिसर में मंदिर, मस्जिद, चर्च का उद्घाटन
तेलंगाना के नए सचिवालय परिसर में शुक्रवार को एक साथ मंदिर, मस्जिद और चर्च का उद्घाटन किया गया। इस दौरान राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव तीनों धार्मिल स्थलों में आयोजित की गई विशेष प्रार्थना में शामिल हुए।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष एवं हैदराबाद से लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी व उनके छोटे भाई व विधानसभा में एआईएमआईएम के सदन के नेता अकबरुद्दीन औवेसी मस्जिद के उद्घाटन के दौरान उपस्थित रहे।

मस्जिद में मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में भाईचारा बनाए रखने के सरकार के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सचिवालय परिसर में एक मंदिर, चर्च और मस्जिद बनाए गए हैं। यह देश के लिए सद्भाव और भाईचारे का एक बड़ा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने 30 अप्रैल को नए सचिवालय का उद्घाटन किया था। एजेंसी

लिट्टे को पुनर्जीवित करने की कोशिश में एनआईए ने एक और गिरफ्तारी की
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने श्रीलंका और भारत में अवैध ड्रग्स और हथियारों के कारोबार के जरिये लिट्टे को पुनर्जीवित करने की साजिश से जुड़े मामले में तमिलनाडु से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अवैध ड्रग्स और हथियारों के व्यापार का मामला एनआईए ने पिछले साल जुलाई में दर्ज किया था।

संघीय एजेंसी के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि लिंगम ए उर्फ आदि लिंगम एक प्रमुख साजिशकर्ता है और इस मामले में अब तक गिरफ्तार किया गया 14वां व्यक्ति है। प्रवक्ता ने बताया चेन्नई निवासी लिंगम एक अन्य आरोपी गुणशेखरन का करीबी सहयोगी था, और भारत और श्रीलंका में ड्रग्स और हथियारों के व्यापार की आय को वैध बनाने से संबंधित उसके अवैध लेनदेन के लिए बेनामी के तौर पर काम करता था।

भारतीय सेना ने ड्रोन खरीद के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए
भारतीय सेना ने 130 टेथर्ड ड्रोन और 19 टैंक ड्राइविंग सिम्युलेटर की खरीद के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। ऐसे नए उपकरणों के शामिल होने से भारतीय सेना की समग्र परिचालन तैयारियों में वृद्धि होगी।

मंगलुरु में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पदार्थ जब्त
मंगलुरु में पिछले दो महीनों में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पदार्थ जब्त किए गए हैं। साथ ही 61 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि ये कार्रवाई शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई है। 

मंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त कुलदीप कुमार आर जैन ने कहा कि जब्त किए गए ड्रग्स में एमडीएमए, गांजा और चरस शामिल हैं। नशीली दवाओं वाली चॉकलेट बेचने के दो मामले भी पकड़े गए हैं जबकि 108 किलोग्राम ऐसी चॉकलेट जब्त की गई हैं।

अरुणाचल के अंजाव में सेना ने बेली ब्रिज का किया उद्घाटन
भारतीय सेना ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और अंजाव जिले के डीसी के सहयोग से अंजाव जिले में एक बेली ब्रिज का उद्घाटन किया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले के चागलोहागम सर्कल में बेली ब्रिज, चागलोहागम और हलियुआंग को जोड़ता है। ग्रामीणों ने इसके लिए सेना और बीआरओ के प्रति आभार प्रकट किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नाम पर खड़ी की जा रहीं बाधाएं : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और एनईईटी को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। स्टालिन ने कहा, अभी भी कुछ विश्वासघाती गुरु हैं, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति और एनईईटी के नाम पर बाधाएं खड़ी कर रहे हैं। स्टालिन शुक्रवार को राज्यभर के प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए नाश्ता योजना के विस्तार कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एकलव्य का समय है, द्रोणाचार्य का नहीं।

नवोदय विद्यालय में दलित छात्र का शव कक्षा में फंदे से लटका मिला, दो शिक्षकों पर केस दर्ज
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा इलाके में जवाहर नवोदय स्कूल की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक दलित छात्र का शव क्लासरूम में फंदे से लटका हुआ पाया गया। मामले में दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना बुधवार की है। छात्र के परिजनों ने दो आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना देते हुए शव लेने से इन्कार कर दिया। उनका आरोप है कि मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए छात्र की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। कोटपूतली-बहरोड़ की पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने कहा कि परिवार ने आरोप लगाया है कि दो शिक्षक लड़के को परेशान कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि आरोपी शिक्षकों के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गोवा के रिसॉर्ट में महिला पर्यटक से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
गोवा पुलिस ने उत्तरी गोवा के असोनोरा गांव के एक रिसॉर्ट में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गुजरात निवासी लक्ष्मण शियार (47) को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने शुक्रवार को कहा कि घटना 23 अगस्त को हुई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता और आरोपी पहले एक-दूसरे से फ्लाइट में मिले थे। 23 अगस्त को उसने महिला को फोन कर वहां सुविधाएं दिखाने के बहाने असोनोरा के रिसॉर्ट में बुलाकर दुष्कर्म किया।

असम में दो अक्तूबर से प्लास्टिक की बोतलों पर प्रतिबंध
असम में आगामी दो अक्तूबर से प्लास्टिक की बोतलों पर प्रतिबंध होगा। राज्य पर्यावरण और वन विभाग ने इस संबंध में 23 अगस्त को एक अधिसूचना जारी की। इसमें विभाग ने राज्य में 1000 मिलीलीटर से कम क्षमता वाली प्लास्टिक की पानी की बोतलों के इस्तेमाल और उत्पादन पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है। 

महाराष्ट्र के भंडारा में विषाक्त भोजन से 30 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक आश्रम विद्यालय में विषाक्त भोजन से बीमार हुए 30 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारी मिलिंद सोमकुवर ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार को तुमसर शहर के येराली आश्रम स्कूल में हुई। स्कूल के कुछ छात्रों ने भोजन खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द और बुखार की शिकायत की। इसके बाद जिला स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने स्कूल के छात्रावास में रहने वाले 325 छात्रों की जांच की। फिलहाल सभी छात्रों की स्थिति स्थिर है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed