आज के दिन: पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी, अमेरिका की आजादी के 250 साल
नमस्कार! आज है शनिवार, 4 जुलाई। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 4 जुलाई 2026 को आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे।
पीएम मोदी का राजस्थान दौरा
शुरुआत प्रधानमंत्री से। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को 13,037.66 करोड़ रुपये की जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। जयपुर में रोजगार उत्सव के दौरान 4 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। वहीं 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत जिलेभर में 5 लाख पौधे भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसके साथ ही वे पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण भी करेंगे। रिफाइनरी की सबसे बड़ी विशेषता इसका 20 लाख टन वार्षिक क्षमता वाला एकीकृत पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जो इसे देश की सबसे आधुनिक रिफाइनिंग परियोजनाओं में शामिल करता है। साथ ही इसमें ‘जीरो लिक्विड डिस्चार्ज’ तकनीक अपनाई गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।रिफाइनरी के शुरू होने के साथ ही राजस्थान देश के प्रमुख पेट्रोकेमिकल हब के रूप में उभरेगा और भारत की ईंधन निर्यात क्षमता को भी नई मजबूती मिलेगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अली खामेनेई की अंतिम यात्रा
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा की प्रक्रिया चल रही है। इसमें लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। खामेनेई का पार्थिव शरीर शनिवार और रविवार को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में दर्शन के लिए रखा जाएगा।
उत्तर प्रदेश में आम महोत्सव
उत्तर प्रदेश की राजधानी मेंं लखनऊ में आम महोत्सव आयोजित हो रहा है। आज इस कार्यक्रम का दूसरा दिन है। इस दौरान जन भवन', लखनऊ में आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान एवं निर्यातक हिस्सा ले रहे हैं। महोत्सव में प्रदर्शन के लिए रखे गए आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं।
राष्ट्रीय ड्रोन शिखर सम्मेलन
सहकारी समितियों के नेतृत्व में ड्रोन उद्यमिता के लिए भारत का पहला राष्ट्रीय मंच शनिवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित लीला पैलेस में लॉन्च किया जाएगा। राष्ट्रीय ड्रोन शिखर सम्मेलन 2026 नीति से समृद्धि तक विषय के तहत सरकार, उद्योग, सहकारी समितियों और ग्रामीण भारत को एक साथ लाएगा।
अमेरिका की आजादी के 250 साल
4 जुलाई, 2026 को अमेरिका की आजादी के 250 साल हो जाएंगे। इस खास मौके को, जिसे आधिकारिक तौर पर 'सेमीक्विनसेंटेनियल' (Semiquincentennial) कहा जाता है, 1976 के 'बाइसेंटेनियल' (Bicentennial) के बाद से सबसे बड़े देशव्यापी जश्न के तौर पर मनाया जा रहा है। इसमें सभी 50 राज्य, दर्जनों शहर और पूरे साल चलने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे। इस दिन 1776 में अमेरिका ने ग्रेट ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की थी।