सोनीपत। नियम 134ए के तहत विद्यार्थियों का दाखिला न होने से खफा अभिभावकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पुतले की शव यात्रा निकाली और गीता भवन चौक पर पहुंचकर पुतला दहन किया। इस दौरान छात्र अभिभावक संघ के सदस्यों व अभिभावकों ने सरकार, प्रशासन व शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी के नेतृत्व में अभिभावक सोमवार सुबह गुरुद्वारा रोड छोटी मस्जिद के पास विमल किशोर के कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से सुबह 10:30 बजे शव यात्रा शुरू की। जो गीता भवन चौक, झंडी रोड कच्चे क्वार्टर मुख्य बाजार, ईएसआई डिस्पेंसरी, सुभाष चौक, रेलवे रोड से होते हुए वापस गीता भवन चौक पहुंची। यहां पहुंचने के बाद अभिभावकों ने जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया गया। छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष विमल किशोर ने कहा कि शिक्षा विभाग सवा महीना बाद भी पहले ड्रा में शामिल सभी विद्यार्थियों के दाखिले नहीं करवा पाया है। अब दूसरे ड्रा के दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी। यह बच्चों के साथ धोखा नहीं है तो और क्या है। बच्चों का साल खराब हो रहा है, लेकिन शिक्षा विभाग अभी तक दाखिलों को लेकर स्थिति ही स्पष्ट नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी बच्चों को दाखिला नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।