Travel Trend: फेस्टिव सीजन में Gen Z का बदला ट्रैवल मूड, गोवा की लहरों से काशी की गलियों तक बढ़ा क्रेज
इस फेस्टिव सीजन में ट्रैवल का मतलब सिर्फ बीच पर चिल करना नहीं है! Gen Z अब काशी की गलियों से लेकर गोवा के बीच और ऑफबीट डेस्टिनेशन तक, हर जगह नए एक्सपीरियंस की तलाश में है। Airbnb के आंकड़े बताते हैं कि युवाओं की घरेलू ट्रैवल सर्च में करीब 40% उछाल आया है। आइए जानते हैं।
विस्तार
फेस्टिव सीजन में घूमने का प्लान बना रहे Gen Z के लिए इस बार वाराणसी भी पसंदीदा डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। युवाओं की पसंद अब सिर्फ बीच और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। वे धार्मिक और सांस्कृतिक जगहों पर भी घूमना पसंद कर रहे हैं। इस फेस्टिव सीजन में भारतीय यात्रियों के बीच देश में घूमने की दिलचस्पी बढ़ी है।
फेस्टिव सीजन में ट्रैवल सर्च 40% बढ़ा
Airbnb के आंकड़ों के अनुसार, फेस्टिव सीजन के लिए भारतीय यात्रियों की घरेलू ट्रैवल सर्च में पिछले साल के मुकाबले करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। Gen Z यात्रियों की सर्च में भी लगभग 40 फीसदी का उछाल आया है। इससे पता चलता है कि युवा इस फेस्टिव सीजन में देश के अलग-अलग हिस्सों में छुट्टियां बिताने की योजना बना रहे हैं।
काशी से गोवा तक, Gen Z की पसंद
Airbnb के आंकड़ों में वाराणसी के साथ नॉर्थ गोवा, साउथ गोवा, कोलकाता और बंगलूरू भी Gen Z के पसंदीदा डेस्टिनेशन में शामिल हैं। इन सभी जगहों की अपनी खासियत है।
वाराणसी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। कोलकाता में त्योहारों की रौनक देखने को मिलती है। गोवा के बीच लोगों को आकर्षित करते हैं, जबकि बंगलूरू अपने शहरी माहौल और शहर में घूमने के अनुभवों के लिए जाना जाता है। युवाओं की पसंद में इन अलग-अलग जगहों का शामिल होना दिखाता है कि वे छुट्टियों के दौरान कई तरह के अनुभव लेना चाहते हैं। कोई संस्कृति और आध्यात्मिकता से जुड़ना चाहता है, तो कोई समुद्र किनारे समय बिताना या शहर की जिंदगी को करीब से देखना चाहता है।
Airbnb ने क्या कहा?
Airbnb इंडिया और साउथईस्ट एशिया के कंट्री हेड अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा कि इस फेस्टिव सीजन में भारतीय यात्री अपने देश की अलग-अलग जगहों को एक्सप्लोर कर रहे हैं। उनके मुताबिक, Gen Z संस्कृति, आध्यात्मिकता, समुद्र तटों और शहरों में मिलने वाले अनुभवों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यात्री ऐसे ठहरने के विकल्प भी तलाश रहे हैं, जहां वे अपनी पसंद के हिसाब से समय बिता सकें, स्थानीय लोगों से जुड़ सकें और अपने परिवार या दोस्तों के साथ अच्छा समय बिता सकें।
फैमिली ट्रिप के लिए भी बढ़ी दिलचस्पी
फेस्टिव सीजन में सिर्फ युवा ही नहीं, परिवार भी घूमने की तैयारी कर रहे हैं। Airbnb के आंकड़ों के मुताबिक, परिवारों की ओर से ट्रैवल सर्च में पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। परिवारों के बीच श्रीनगर, कांगड़ा और अमृतसर को लेकर खास दिलचस्पी देखने को मिली है। इसके अलावा गुवाहाटी, नासिक और ईस्ट खासी हिल्स भी यात्रियों का ध्यान खींच रहे हैं। इन जगहों पर प्रकृति, संस्कृति और स्थानीय अनुभवों का मेल देखने को मिलता है। यही वजह है कि परिवारों के लिए भी ये डेस्टिनेशन आकर्षक बन रहे हैं।
छोटे शहरों और कम घूमी जाने वाली जगहों का भी क्रेज
अब घूमने के लिए लोगों की पसंद सिर्फ बड़े शहरों और मशहूर टूरिस्ट स्पॉट तक सीमित नहीं है। Airbnb के अनुसार, ग्रामीण और गैर-शहरी जगहों के लिए भारतीय यात्रियों की सर्च में पिछले साल के मुकाबले 30 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। अरुणाचल प्रदेश का कुरुंग कुमेई भी उन जगहों में शामिल है, जहां यात्रियों की दिलचस्पी बढ़ रही है। वहीं, शिमला और मनाली जैसे लोकप्रिय पहाड़ी डेस्टिनेशन भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इस तरह इस फेस्टिव सीजन में यात्रियों की पसंद में कई तरह की जगहें शामिल हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों से लेकर बीच, पहाड़ों और कम एक्सप्लोर की गई जगहों तक, लोग अपनी पसंद के हिसाब से देश में घूमने के विकल्प तलाश रहे हैं।