फूड, फन और फुलऑन मस्ती: बंगलूरू एयरपोर्ट के Gate Z में मिलेगी Gen Z वाली वाइब, फ्लाइट से पहले होगा 'मी टाइम’
बंगलूरू एयरपोर्ट पर नया Gate Z लाउंज की चर्चा देशभर में है। Gen Z की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस सोशल स्पेस में फूड, कैफे, AI सुविधाएं, एंटरटेनमेंट और आरामदायक माहौल मिलेगा। यानी अब फ्लाइट का इंतजार सिर्फ वेटिंग नहीं, बल्कि एक मजेदार एक्सपीरियंस भी होगा।
विस्तार
अगर आपके लिए एयरपोर्ट का मतलब सिर्फ सिक्योरिटी चेक, बोर्डिंग गेट और फ्लाइट का इंतजार है, तो बंगलूरू का केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आपकी सोच बदलने वाला है। यहां 21 जनवरी से शुरू हुआ है Gate Z, जिसे भारत का पहला Gen Z-प्रेरित सोशल लाउंज बताया जा रहा है। यह सिर्फ एक एयरपोर्ट लाउंज नहीं, बल्कि ऐसा स्पेस है, जहां ट्रैवल, लाइफस्टाइल, फूड, एंटरटेनमेंट और सोशल कनेक्शन एक साथ मिलते हैं।
Gen Z सिर्फ एक आरामदायक कुर्सी नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव चाहती है जिसे वह जी सके, शेयर कर सके और याद रख सके। इसी सोच के साथ तैयार किए गए Gate Z का मकसद एयरपोर्ट पर बिताए जाने वाले समय को बोरिंग इंतजार से हटाकर एक मजेदार और उपयोगी अनुभव में बदलना है।
आखिर क्या है Gate Z?
Gate Z को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां हर तरह का यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से समय बिता सके। अगर आपकी फ्लाइट में समय है, तो आप कॉफी के साथ काम कर सकते हैं, दोस्तों के साथ बैठकर बातें कर सकते हैं, अच्छा खाना खा सकते हैं या बस आराम कर सकते हैं। यहां का पूरा माहौल किसी मॉडर्न हाई स्ट्रीट, को-वर्किंग स्पेस और प्रीमियम कैफे के मिश्रण जैसा महसूस होता है। एयरपोर्ट के मुताबिक, यह लाउंज सिर्फ उम्र के आधार पर Gen Z के लिए नहीं बनाया गया, बल्कि उन लोगों के लिए है जो नए अनुभव, खुला माहौल और इंटरैक्टिव स्पेस पसंद करते हैं।
क्या-क्या मिलेगा यहां?
- Gate Z में कई थीम-आधारित जोन बनाए गए हैं, ताकि हर यात्री अपनी पसंद के हिसाब से जगह चुन सके।
- Bubble & Brew एक कैफे-बार है, जहां कॉफी से लेकर दूसरे पेय पदार्थों का आनंद लिया जा सकता है।
- The Sipping Lounge उन लोगों के लिए है जो शोर-शराबे से दूर आराम करना या बातचीत करना चाहते हैं।
- Subway Diner रेट्रो थीम वाला डाइनिंग स्पेस है, जहां लाइव काउंटर के साथ अलग तरह का फूड एक्सपीरियंस मिलता है।
- The Amphizone एक मॉडर्न एम्फीथिएटर है, जहां लाइव स्क्रीनिंग, पॉप-अप इवेंट्स, ब्रांड एक्टिवेशन और कम्युनिटी प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। यानी फ्लाइट का इंतजार करते हुए भी आपके पास करने के लिए काफी कुछ है।
AI भी बनेगा आपका ट्रैवल पार्टनर
Gate Z में टेक्नोलॉजी को भी खास जगह दी गई है। यहां AI आधारित फीचर्स यात्रियों को आसान नेविगेशन, पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस और बेहतर सुविधा देने में मदद करेंगे। यानी सिर्फ बैठने की जगह नहीं, बल्कि एक स्मार्ट ट्रैवल एक्सपीरियंस मिलेगा।
डिजाइन में भी दिखेगा बंगलूरू का रंग
लाउंज का डिजाइन मॉडर्न होने के साथ-साथ लोकल कलचर से भी जुड़ा हुआ है। इंटीरियर में गर्म रंगों, टिकाऊ सामग्री, स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का मिश्रण देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है जहां यात्री खुद को आरामदायक महसूस करें और यात्रा शुरू होने से पहले कुछ अच्छा समय बिता सकें।
सिर्फ Gen Z के लिए नहीं
नाम भले ही Gate Z हो, लेकिन एयरपोर्ट का कहना है कि यह हर पीढ़ी के यात्रियों के लिए बनाया गया है। चाहे आप बिजनेस ट्रैवलर हों, फैमिली के साथ सफर कर रहे हों, डिजिटल नोमैड हों या अकेले यात्रा कर रहे हों, यहां हर किसी के लिए अलग तरह का अनुभव तैयार किया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि 'Gate Z' नाम पूरे देश में आयोजित एक नेशनल नेमिंग कॉन्टेस्ट के जरिए चुना गया, जिसमें छात्रों, डिजाइनर्स और प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। इससे इस प्रोजेक्ट में लोगों की भागीदारी और को-क्रिएशन की सोच भी झलकती है।
एंट्री कैसे मिलेगी?
Gate Z का इस्तेमाल उन यात्रियों के लिए उपलब्ध है, जिनके पास किसी बैंक, क्रेडिट कार्ड या अन्य पार्टनर प्रोग्राम के जरिए लाउंज एक्सेस की सुविधा है। इसके अलावा, जो यात्री इन योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, वे भी तय शुल्क देकर वॉक-इन एंट्री ले सकते हैं।