Fact Check: इंडोनेशिया में आठ साल पुराने ज्वालामुखी विस्फोट को अभी का बताकर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इंडोनेशिया में हाल ही में हुए ज्वालामुखी विस्फोट का है। हमने अपनी पड़ताल में वीडियो को आठ साल पुराना पाया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ज्वालामुखियों में विस्फोट होते नजर आ रहा है। वहीं, लोग भाग रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इंडोनेशिया में हाल ही में हुए ज्वालामुखियों में विस्फोट का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को आठ साल पुराना पाया है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह इंडोनेशिया में हाल ही में हुए ज्वालामुखियों के विस्फोट का है।
तेज-तर्रार नाम के एक्स यूजर ने लिखा,’इंडोनेशिया में एक साथ 6 ज्वालामुखियों में विस्फोट से हड़कंप इंडोनेशिया में एक साथ छह ज्वालामुखियों के सक्रिय होने और विस्फोट के कारण आसपास के इलाकों में आपात स्थिति जैसे हालात बन गए हैं। कई क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Kompas TV के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो की क्लिप देखने को मिली। Kompas TV इंडोनेशिया का एक प्रमुख टीवी न्यूज चैनल है। यह वीडियो 20 फरवरी 2018 को साझा किया गया है। इस चैनल पर वायरल वीडियो आप 25 सकेंड से देख सकते हैं। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि सोमवार सुबह (19 फरवरी) जब माउंट सिनाबुंग में विस्फोट हुआ, तो उत्तरी सुमात्रा के कारो रीजेंसी के नमन जिले में स्थित नमन तेरान स्टेट एलिमेंट्री स्कूल के छात्रों में घबराहट फैल गई और वे जोर-जोर से रोने लगे। स्थानीय लोगों से निर्देशों का इंतजार करते हुए, एलिमेंट्री स्कूल के छात्रों के पास बाहर भागने के अलावा और कोई चारा नहीं था। माउंट सिनाबुंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और निवासियों से सतर्क रहने और तय 'रेड जोन' से दूर रहने की अपील की गई है।

आगे की पड़ताल में हमें kumparan की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 19 फरवरी 2018 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उत्तरी सुमात्रा के कारो रीजेंसी में स्थित माउंट सिनाबुंग में सोमवार (19 फरवरी) सुबह फिर से विस्फोट हुआ। विस्फोट के कारण राख के घने गुबार हवा में काफी ऊंचाई तक उठते हुए देखे गए। राख का गुबार लगभग 5,000 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच गया। इसके साथ ही गड़गड़ाहट की आवाज़ हुई और पाइरोक्लास्टिक बहाव उत्तर-पूर्व में 3,500 मीटर और दक्षिण में 4,900 मीटर तक फैल गया।
उस सुबह लगभग 09:27 WIB (पश्चिमी इंडोनेशिया समय) पर हुए इस ज़बरदस्त विस्फोट ने माउंट सिनाबुंग के आसपास के इलाके को तुरंत घने अंधेरे में डुबो दिया। BNPB के डेटा, सूचना और जनसंपर्क केंद्र के प्रमुख सुटोपो पुरवो नुग्रोहो ने अपने ट्विटर अकाउंट पर बताया, ज्वालामुखी की राख गिरने के कारण दृश्यता घटकर सिर्फ दो से पांच मीटर रह गई थी।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को आठ साल पुराना पाया है। इस वीडियो का हालिया घटना से कोई संबंध नहीं है।