Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Events Coverage ›   Uttar Pradesh Yogi Government Jobs and Employment Opening Security Examinations Opionion Article news

विचार: भर्तियां भरपूर, बंदरबांट नामंजूर

Sat, 14 Nov 2026 03:04 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Sat, 14 Nov 2026 03:04 PM IST
विज्ञापन
Uttar Pradesh Yogi Government Jobs and Employment Opening Security Examinations Opionion Article news
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते सीएम योगी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जब कोई युवा परीक्षा कक्ष में बैठकर अपनी ओएमआर शीट के गोले काले कर रहा होता है, तो वह संविधान, तंत्र और राज्य की न्यायप्रियता पर अपने गहरे भरोसे की मुहर लगाता है। इसके विपरीत जब वही युवा इस हताशा के साथ घर से निकले कि चयन की सूची तो किसी बंद कमरे में पहले ही तय हो चुकी है और यह परीक्षा केवल एक क्रूर प्रशासनिक प्रहसन है, तो वहां विश्वास दम तोड़ देता है। 
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश जैसे विशाल, सघन और असीमित युवा ऊर्जा वाले राज्य में सरकारी नौकरी कभी केवल आजीविका का साधन मात्र नहीं रही। यह समाज में सम्मान और भविष्य की सुरक्षा भी है। इसलिए, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य के भीतर रोजगार को लेकर एक महाभियान की रूपरेखा गढ़ी जा रही है, तो यह भरोसे को बढ़ाने के प्रति एक अहम कदम है।
विज्ञापन
Trending Videos

रोजगार की यह श्रृंखला तब और मुखर हुई जब पिछले दिनों 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि गणतंत्र दिवस तक औसतन हर पांचवें दिन इसी निरंतरता के साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र बंटे जाएंगे। पुलिस विभाग में 2.30 लाख से अधिक पारदर्शी नियुक्तियां, होमगार्ड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भर्ती यह स्थापित करती है कि रोजगार और सुरक्षा अब उत्तर प्रदेश में एक ही सिक्के के दो पहलू बन चुके हैं।

रोजगार के इस अभियान का सामाजिक प्रभाव स्पष्ट है। अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। राजस्व विभाग जैसे अतिसंवेदनशील महकमे में हजारों लेखपालों और नायब तहसीलदारों की नियुक्ति इसका प्रमाण है। एक ग्रामीण के लिए उसकी जमीन और उसके हक की पहली लड़ाई लेखपाल के ही बस्ते से शुरू होती है। यदि उस पद पर बैठा युवा अपनी योग्यता के बल पर पूरी शुचिता से वहां पहुंचा है, तो वह गांव में न्याय की एक नई परिपाटी स्थापित करेगा। लेकिन, सुशासन के भीतर एक मानवीय हृदय का धड़कना भी उतना ही आवश्यक है। नवनियुक्त उपनिरीक्षकों की 84 करोड़ रुपये से अधिक की बांड राशि की वसूली को माफ करने का निर्णय इसी प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक जीवंत उदाहरण है। यह कदम बताता है कि व्यवस्था युवाओं के आर्थिक संघर्ष को समझती है।
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश में नियुक्ति पत्रों के वितरण का यह महाभियान योगी सरकार के 'नए उत्तर प्रदेश' के उस वृहद नैरेटिव का निर्णायक हिस्सा है, जहां प्रतिभा और परिश्रम ही सफलता की इकलौती कुंजी है। सरकार यह संदेश स्पष्ट रूप से स्थापित कर चुकी है कि तुष्टिकरण, भाई-भतीजावाद और बंदरबांट के लिए अब इस तंत्र में कोई जगह नहीं। 'जीरो टॉलरेंस' की जिस नीति को माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ एक अचूक हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया, उसी नीति को अब भर्ती प्रक्रियाओं की शुचिता और युवाओं के भविष्य का सुरक्षा कवच बना दिया गया है।

आज जो युवा इन नियुक्ति पत्रों के साथ तहसीलों, थानों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में प्रवेश कर रहे हैं, वे केवल नए कर्मचारी नहीं हैं। वे सुशासन और पारदर्शी कार्यसंस्कृति के 'ब्रांड एंबेसडर' हैं। योगी सरकार का विमर्श केवल तत्कालीन रिक्तियों को भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक ऐसी ऊर्जावान प्रशासनिक पीढ़ी तैयार करना है, जिसकी निष्ठा किसी व्यक्ति विशेष के बजाय सीधे जनता और राज्य के विकास के प्रति हो। यह पूरी प्रक्रिया प्रदेश को उसकी पुरानी हताश छवि से निकालकर एक 'उत्तम और सुरक्षित प्रदेश' बनाने का संकल्प है। यह उस नव-निर्माण की नींव है, जिस पर भविष्य के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की इमारत बुलंद हो रही है। एक ऐसा प्रदेश, जहां व्यवस्था पर युवाओं का भरोसा ही शासन की सबसे बड़ी और स्थायी पूंजी है।

(अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। लेखक हरि मंगल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)
 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed