{"_id":"6abfcb120961706d190977b5","slug":"gandhi-jayanti-cm-yogi-says-strong-panchayats-prosperous-villages-are-the-foundation-of-gram-swaraj-2026-10-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"गांधी जयंती: सीएम योगी बोले- सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला","category":{"title":"Events Coverage","title_hn":"इवेंट कवरेज","slug":"events-coverage"}}
गांधी जयंती: सीएम योगी बोले- सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला
Fri, 02 Oct 2026 08:47 PM IST
राहुल कुमार
अमर उजाला, लखनऊ।
अमर उजाला, लखनऊ।
Published by: राहुल कुमार
Updated Fri, 02 Oct 2026 08:47 PM IST
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
महात्मा गांधी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार गांव को विकास की अंतिम सीढ़ी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की पहली इकाई मानकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सशक्त पंचायत और समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला हैं और इसमें परिवारवादी मॉडल की कोई जगह नहीं है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 से पहले गांवों को विकास के बजाय केवल वादे मिले। गांवों के नाम पर राजनीति होती रही, लेकिन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव रहा। आय और जाति प्रमाण-पत्र जैसे सामान्य कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को तहसील, थाना और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि गांवों को केवल वोट बैंक के रूप में देखने वाली राजनीति के कारण ग्रामीण क्षेत्रों का विकास प्रभावित हुआ। वर्तमान सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए ग्राम पंचायतों को सुविधाओं और सेवाओं से जोड़ने का काम किया है।
विज्ञापन
57,600 ग्राम सचिवालयों में डिजिटल सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे ग्राम पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालयों के संचालन से प्रत्येक गांव में 5 से 7 रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश की 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।
विज्ञापन
ग्राम स्वराज को बताया आत्मनिर्भरता का संकल्प
योगी ने कहा कि सरकार के लिए ग्राम स्वराज कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के सपनों के गांव और उसकी आत्मनिर्भरता का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सशक्त पंचायत और समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज तथा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ को ग्राम स्वराज की दिशा में सरकार के दृष्टिकोण के रूप में रेखांकित किया।