Kaun Banegi Shikharwati Review: समीर नायर और निखिल आडवाणी की साख को लगा बट्टा, लारा, सोहा और नसीर सब फेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जी5 बिल्कुल एमपी वाले विज्ञापन की तरह गजब है। इसकी क्रिएटिव टीम उससे भी अजब है। टीवी की सबसे बड़ी कंपनी रही इसकी मदर कंपनी एक विदेशी कंपनी में विलीन हो चुकी है। ओटीटी का भी पता नहीं, बना रहेगा कि सोनी लिव का हो जाएगा। सोच के इस संकट काल में भी नया कंटेंट तो लाना ही है। देखने वाले ग्राहकों से पैसा जो एडवांस ले रखा है। तो देख भई देख, तमाशा चालू आहे। टीवी की दुनिया का बड़ा नाम रहे समीर नायर और सिनेमा में बड़ा नाम बनने की लगातार कोशिश कर रहे निखिल आडवाणी का नया रायता है वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’। समीर नायर ही स्टार प्लस पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ लेकर आए थे। इन दिनों वह आदित्य बिड़ला ग्रुप की एंटरटेनमेंट कंपनी चलाते हैं अप्लॉज एंटरटेनमेंट। ये कंपनी ओटीटी से मंजूरी लेकर शो नहीं बनाती बल्कि शो बनाने के बाद किसी न किसी ओटीटी को बेच देती है। नेटफ्लिक्स में रहते हए उनका शो ‘स्कैम 1992’ नकारने वाली टीम अब जी5 में है और उसने वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ समीर से लेकर शायद अपना प्रायश्चित पूरा किया है।
अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने अपनी पहचान हिंदी मनोरंजन जगत में एक ऐसी कंपनी की बनाई है जो विदेशी शोज के हिंदी रूपांतरण बनाने में माहिर है। ‘स्कैम 1992’ जैसा तुक्का लगने के बाद से अब कंपनी के अफसरों से कोई पूछता भी नहीं कि क्या बनाकर लाए हो? बस धौलिया जो ले आए, ठाकुर उसी में खुश है। रामगढ़ में आपको रहना है तो फिर कंटेंट तो देखना ही है। लेकिन वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ जैसा कुछ देखना आपकी मजबूरी नहीं होनी चाहिए। भला हो प्राइम वीडियो का कि उसने फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ रिलीज कर दी है। हिंदी में न सही इसे आप तेलुगू में भी देखेंगे तो वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ से लाख गुना अच्छी लगेगी। और, वाकई कुछ अलहदा सा देखने का मन हो तो नेटफ्लिक्स पर ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ भी आ चुकी है।
वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ की कहानी ही बहुत बेढब है। 21वीं सदी में खुद को ‘हुकुम’ कहलाने में ही सारी खुशी पाने वाला कब्र में पांव लटकाए बैठा एक ‘राजा’ है। उसे ‘किंग’ कहकर बुलाने वाला उसका एक मुलाजिम है जो खुद को ‘मंत्री’ समझने की भूल सपने में भी करता रहता है। इसके अपने मुंगेरीलाल जैसे सपने हैं और अपने राजा को भी वह सपने दिखाता रहता है कि उसके महल पर बाकी करोड़ों का संपत्ति कर चुकाने के लिए जो वह कह रहा है वही सत्य है। मृत्युंजय नाम के इस राजा को भी लगता है कि राम नाम सत्य होने से अपनी चारों बेटियों को ही साथ देख ले। उनके घर वाले बोनस में आते हैं। और सब मिलकर वाहियात से खेल खेलने लगते हैं। स्किवड गेम का इससे भद्दा मजाक और कुछ नहीं हो सकता।
वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ के साथ साल की शुरुआत करने वाले ओटीटी जी5 के पिटारे में कुछ भी कभी भी निकल सकता है। बीच में ‘बॉब बिस्वास’ को छोड़ दें तो ये ओटीटी यूं लगता है कि जैसे दर्शकों से हुई किसी गलती की सजा उन्हें दे रहा है। तरस लारा दत्ता पर भी आता है कि कहां तो सीरीज ‘हंड्रेड’ और कहां ये वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’। फूले फूले चेहरे वाली सोहा अली खान भी यहां हैं। कृतिका कामरा पूरी सीरीज को देखने का रघुबीर यादव के बाद दूसरा बहाना बन सकती हैं लेकिन अन्या सिंह से कुछ खास हो नहीं पाया। नसीरुद्दीन शाह की अदाकारी के फैंस जमाने में अब भी तमाम सारे हैं, उन सबको एक ही सलाह है कि इस सीरीज से दूर रहें और अपने पसंदीदा सितारे को इतने कमजोर किरदार में न देखें तो ही बेहतर।
अप्लॉज एंटरटेनमेंट और एम्मे एंटरटेनमेंट दोनो ने वेब सीरीज ‘कौन बनेगी शिखरवती’ से अपना नाम जोड़कर अपनी ब्रांड वैल्यू को बड़ा नुकसान किया है। सीरीज लिखने वालों, इसे बनाने वालों को ज्यादा कोई जानता नहीं लेकिन समीर नायर और निखल आडवाणी के नाम से ये सीरीज देखने बैठने वालों के जेहन में अच्छा असर होता नहीं दिखता। वीकएंड पर देखने को इस बार बहुत कुछ है। सोनी चैनल पर ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के दूसरे सीजन का फिनाले भी संडे की शाम हो रहा है। वीकएंड लॉकडाउन में फंसे हैं तो प्राइम वीडियो पर ‘रंगस्थलम’ भी देख सकते हैं। राम चरण की कमाल की फिल्म है। म्यूजिक देवी श्री प्रसाद ने अद्भुत दिया है।