Jaideep Ahlawat: बिना ऑडिशन दिए जयदीप अहलावत को मिली थी 'पाताल लोक', अमर उजाला संवाद में साझा किया किस्सा
Uttarakhand Samwad 2025: अमर उजाला के प्रतिष्ठित कार्यक्रम संवाद का आयोजन 10 जून को राजधानी देहरादून में किया गया। दिग्गज अभिनेता जयदीप अहलावत भी यहां शिरकत करने पहुंचे। उन्होंने अपने करियर से जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर कीं।
विस्तार
वेब सीरीज 'पाताल लोक' ने जयदीप अहलावत के करियर को एक नए मुकाम पर पहुंचाया। उन्होंने इसमें हाथीराम चौधरी का किरदार अदा किया है। दिलचस्प बात यह है कि यह शानदार सीरीज एक्टर को बिना किसी ऑडिशन के मिली। दरअसल, जयदीप अहलावत 10 जून को देहरादून में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। यहां उन्होंने 'पाताल लोक' को लेकर खुलासा किया।
'कलाकार का खाली वक्त निराशा में नहीं जाना चाहिए'
संवाद में अभिनेता से पूछा गया कि 2010 से 2020 तक के सफर पर बात करें तो आप हर जगह नजर आए। बड़े-बड़े किरदार में नजर आए। लेकिन, क्या ऐसा लगा कि दिख तो रहा हूं लेकिन एक पहचान बनाना बाकी है? इस पर जयदीप अहलावत ने कहा 'हां बिल्कुल लगा। मैंने बहुत बड़े-बड़े डायरेक्टर्स के साथ काम किया। एक काम के बाद दूसरे काम में गैप भी बहुत ज्यादा रहा। ऐसे बहुत लंबा वक्त बीता है। लेकिन, जब आप वहां जाते हो तो यही वो पिलर हैं जहां मकान बनता है। तो मुझे लगता है कि नींव काफी मजबूत है'। जयदीप ने आगे कहा, 'बस यही है कि जब आप खाली बैठो तो वह दौर निराशा में नहीं जाना चाहिए। खाली बैठे एक्टर को बहुत तैयारी करनी चाहिए। कई एक्टर्स ने बहुत अच्छा काम किया। फिर गायब हुए और वापस आए। ऐसे में कंसिस्टेंसी बहुत जरूरी है'।
कैसे मिली 'पाताल लोक'?
जयदीप अहलावत से आगे पूछा गया, '15 मई 2020, वह दिन जब भारत के तमाम लोग अपने घरों में थे। तब 'पाताल लोक' रिलीज हुई और लोगों को हाथीराम चौधरी देखने को मिला। लोगों के फोन आने शुरू हुए होंगे? क्या अनुभव था? जयदीप अहलावत ने कहा, 'मेरे पास जब यह सीरीज आई, तो कहा गया कि आप इसके लिए हां कहो और आपका कोई ऑडिशन नहीं होगा। मुझे बहुत सरप्राइज हुआ कि मैं आठ-नौ एपिसोड की एक सीरीज करूं और मुझे जांचा-परखा भी न जाए। जिस खूबसूरती से 'पाताल लोक' को लिखा गया, दुनिया में ऐसा कोई एक्टर नहीं जो इस स्क्रिप्ट को मना कर सकता है'।
'पाताल लोक' के बाद बड़े-बड़े लोगों के कॉल आए
एक्टर से पूछा गया 'पाताल लोक' के बाद क्या कोई ऐसा कॉल आया जब आपको हैरानी हुई हो कि अरे इनका कॉल आया? एक्टर ने कहा, 'उस वक्त कई दिग्गजों के फोन आए। मनोज (बाजपेयी) भाई ने मुझसे करीब 20 मिनट तक बात की। मैं रो रहा था और वो बोले जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इसे देखकर मुझे लग रहा है कि मेरी एक्टिंग की वर्कशॉप हो रही है। मुझे लगता है कि इससे सुंदर मुझे कोई क्या बोलेगा? 5 दिन के बाद बहुत बड़े-बड़े लोगों ने बधाई दी तब महसूस हुआ कि अब ये बड़ा हो गया'।
Jaideep Ahlawat: 'कॉलेज से घर लौटकर पिता के गले लगते थे जयदीप', अमर उजाला संवाद में बोले- 'मैंने बैरियर तोड़ा'
'पाताल लोक' की फीस पर किया खुलासा
जयदीप अहलावत से संवाद में पूछा गया, 'इंटरनेट पर ऐसा सुना कि 'पाताल लोक' सीजन 1 के लिए आपकी 40 लाख फीस थी और दूसरे सीजन के लिए 20 करोड़ पहुंच गई। क्या यह सच है'? इस पर जयदीप ने कहा, 'नहीं ऐसा नहीं है। पता नहीं किसने छापा। मैंने भी कुछ ऐसा पढ़ा था। किसी ने गलत खबर छाप दी और वह वायरल हो गई'।