इस शख्स को गॉडफादर मानती हैं सुचेता खन्ना, बताया शूटिंग सेट पर कैसे कर रहे हैं कोरोना से बचाव
कोरोना वायरस की वजह से कई महीनों से फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग रुकी हुई थी। अब हाल ही में कुछ समय से एक बार फिर से शूटिंग शुरू हो गई है, जिससे सितारे भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। अब हाल ही में टेलीविजन पर एक नया धारावाहिक 'एक्सक्यूज मी मैडम' शुरू होने जा रहा है। इसकी शूटिंग भी शुरू हो गई है। इस धारावाहिक में मुख्य किरदार में अभिनेत्री सुचेता खन्ना नजर आने वाली हैं। हाल ही में सुचेता ने अमर उजाला के साथ बातचीत में शूटिंग शुरू होने की खुशी जताई है। साथ ही उन्होंने अपने करियर को लेकर भी बातचीत की।
अमर उजाला से बातचीत करते हुए सुचेता ने अपने करियर की शुरुआत के बारे में बताया। उन्होंने इस दौरान शो की शूटिंग में किस तरह की परेशानियां आ रही हैं और कैसे कोरोना से बचाव किया जा रहा है, उसे लेकर भी बातें साझा की हैं। इस इंटरव्यू के दौरान जब सुचेता से पूछा गया कि कोरोना की वजह से किस तरह की दिक्कतें आ रही हैं और ऐसी सिचुएशन में कैसे काम किया जा रहा है?
सवाल का जवाब देते हुए सुचेता ने इंटरव्यू के दौरान बताया, 'ये एक डरावनी सिचुएशन है- कोविड। जिन पर बीती है या जिनके आस पास वालों के साथ ये हुआ है उनके लिए ये बहुत मुश्किल है। शूटिंग के दौरान भी काफी ख्याल रखा जा रहा है। हमारे कपड़े, रूम, रोज सैनिटाइज किए जा रहे हैं। सेट पर भी हर कोने में सैनिटाइजर रखे गए हैं। एक आदमी अलग से रखा गया है जो सेट पर इस तरह की चीजों का ख्याल रख सके। मैं भी अपना अच्छे से ख्याल रखती हूं मेकअप रूम में भी जाते ही सबसे पहले सैनिटाइज करती हूं खुद को और रूम को। हालांकि इस दौरान मास्क पहनने को लेकर काफी परेशानी होती है। क्योंकि हम मेकअप कर लेते हैं उसके बाद मास्क लगाने में थोड़ी दिक्कत महसूस होती है।'
इसके अलावा सुचेता ने अपने करियर की शुरुआत के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि, 'मैं मुंबई से नहीं हूं, पुणे से हूं, और मेरी शुरुआत इस इंडस्ट्री में ऐसे ही हो गई। मैंने बस एक फोटोशूट किया था अपनी दोस्त के साथ। मैं 11वीं क्लास में थी मेरी दोस्त की मम्मी डिजाइनर कपड़े बनाती थीं और उन्हीं के लिए हमने ये फोटोशूट किया। वहां से मुझे फैशन कॉलमिस्ट ने देखा। वो फोटोज पुणे टाइम्स में रिलीज हुए थे। उसके बाद उस फैशन कॉलमिस्ट ने मेरा नंबर लेकर मुझे फोन किया और उसके बाद मैंने बहुत सारे फैशन शो और फोटो शूट्स किए।'
आगे सुचेता ने बताया कि, 'इन फोटो शूट्स के दौरान मुझे कहा गया कि आपका चेहरा काफी एक्सप्रेसिव है, आप विज्ञापन फिल्म में काम क्यों नहीं करतीं। बस यहां से मैंने एड शूट्स करना शुरू किया और बहुत सारे एड शूट्स किए। इसके बाद मुझे मेरे गॉडफादर मिले सचिन जी। जिन्होंने मुझे सबसे पहले एक फिल्म के लिए कास्ट किया। ये फिल्म एबीसीएल प्रोडक्शंस ने शुरू की थी। जिसका नाम था 'नाम क्या है'। ये फिल्म रिलीज तो नहीं हो पाई लेकिन यहीं से मेरे करियर की शुरुआत हुई।'
पढ़ें: हिंदी दिवस 2020: 'जिनके घर शीशे के बने होते हैं, वो दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते', पढ़ें 70-80 के दशक के बेहतरीन डायलॉग्स