Exclusive: चेतन हंसराज को इस तरह मिला ‘ब्रह्मराक्षस 2’ का किरदार, इन कंटेस्टेंट ने जाहिर की शो को लेकर उत्सुकता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जी टीवी पर प्रसारित सीरियल ब्रह्मराक्षस 2 के मुख्य किरदार चेतन हंसराज से मंगलवार को अमर उजाला ने खास बातचीत की। इस दौरान ब्रह्मराक्षस की छवि पर पिछले दिनों हुए कॉन्टेस्ट के 5 विजेता भी शामिल थे। आइए चेतन हंसराज की जुबानी ही जानते हैं सीरियल ब्रह्मराक्षस 2 के बारे में वे क्या कुछ कह रहे हैं...
शो के बारे में बात करते हुए चेतन हंसराज ने कहा कि 'ब्रह्मराक्षस की छवि देखकर सबको डर लगता है। जिन दर्शकों ने बातचीत हुई और उन्होंने जो जवाब दिए वह सभी परफेक्ट हैं।' चेतन आगे कहते हैं कि 'एकता जी (एकता कपूर) ने मुझसे कहा था कि आप ब्रह्मराक्षस का रोल कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने उस वक्त खुलासा करने से मना किया था। आज मैं जहां भी हूं बालाजी का उसमें बड़ा रोल है। पिछले 16 सालों से मैं उनके साथ जुड़ा हुआ हूं। शो को लेकर जिस तरह दर्शकों की प्रतिक्रिया आ रही है उससे मैं बहुत खुश हूं।'
चेतन हंसराज आगे कहते हैं कि 'ये ऐसा शो है जहां बहुत सारा वीएफएक्स है। इसे शूट करना आसान नहीं है। एक एक सीन को करते वक्त बहुत ध्यान रखना पड़ता है। कई बार हमें 16-16 घंटे काम करते हुए हो जाते हैं। लगातार इसकी शूटिंग होती है। कई बार हम केवल दो घंटे ही सो पाते हैं।
चेतन हंसराज से हुई इस खास बातचीत के दौरान वाराणसी के प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि 'हम लोग ब्रह्मांड की बनाई हुई पृथ्वी पर रहते हैं। यानी पूरी सृष्टि एक प्रकार से ब्रह्मांड का अंश है। जो हमारे जीवन के आस पास मौजूद है। ब्रह्मराक्षस का जिक्र आते ही मन में एक खूंखार आकृति वाला, लंबी भुजाओं वाला, बड़े मुंह और बड़े दांतों वाला, काला मगर छाया सा दिखने वाला, धीरे धीरे हमारे सारे ग्रह नक्षत्र को अपने मुंह में दबा लेने वाला और हमारी पृथ्वी को बदलने वाले जैसे दानव के वास्तविकता में होना प्रतीत होता है।'
मेरठ से वर्षा रानी ने बताया कि 'ब्रह्मराक्षस का नाम सुनते ही मन में डर से जो छवि बनती है, एक भयानक आकृति। नाम से ही डर लगने लगता है और हर डरावना सीरियल शुरू होने से पहले ही नाम आ जाता है चेतन हंसराज सर का, जिनकी मैं बहुत बड़ी फैन हूं। ब्रह्मराक्षस के नाम से ही ऐसा लगता है जैसे बहुत ताकतवर, बड़ा शरीर, बड़े दांत, सींग, कुछ ऐसा जो उस राक्षस की पसंद से नहीं मिला। कहते हैं पुराने समय में ये बुरी शक्ति होती थी, लेकिन सच तो ये है बुरी शक्ति आज भी है और ब्रह्मराक्षस आज भी होता है। हमारे अंदर मन में ही जैसे- आलस, सोच, द्वेष, ईर्ष्या।'
आगरा से रवि जैन कहते हैं, 'ब्रह्मराक्षस शब्द सुनते ही पहली आकृति रावण के चरित्र की जहन में बनती है। रावण को भगवान शिवजी और ब्रह्माजी की तपस्या करके बहुत वरदान मिले। बाद में वह अहंकारी हो गया और एक भयंकर राक्षस बन गया। कुछ वैसा ही ब्रह्मराक्षस का भी लगता है।'
कानपुर से मोहम्मद फैज ने कहा कि 'पीपल के पेड़ पे बैठकर अपने मुंह से आग उगलने वाला ब्रह्मराक्षस आज की सदी में फिर से आ गया है। अब भी वह आता है लेकिन एक इंसान के रूप में और सौदा करता है इंसानों की रूहों को खरीदने का। आज के युग में भी ब्रह्मराक्षस है। जो हमारी नजरों के सामने होते हुए भी हम उसको नहीं देख पाते। क्योंकि उसकी ताकत के आगे इंसानों की ताकत कुछ भी नहीं।'
लखनऊ से अक्षरा वाजपेयी कहती हैं कि 'ब्रह्मराक्षस का नाम सुनते ही एक भयानक सी आकृति उभरती है। जिसका रूप विकराल और भयावह होता है। बड़े बड़े काले घने बाल, नुकीले दांत और लाल लाल आंखें होती हैं। जो बहुत ही गंदा, भद्दा और डरावना सा लगता है।'
आप को बता दें कि जी टीवी चैनल पर हाल ही में रोमांचक शो ‘ब्रह्मराक्षस’ का दूसरा सीजन शुरू हुआ है। बालाजी टेलीफिल्म्स के निर्माण में बने इस शो ने पहले एपिसोड के प्रसारण के साथ ही लोगों में एक अलग तरह का कौतुहल बना दिया है। शो में टेलीविजन एक्ट्रेस निक्की शर्मा कालिंदी के किरदार में दिख रही हैं। उनके साथ अंगद का किरदार निभार रहे पर्ल वी. पुरी भी हैं। एक दिलचस्प शुरुआत के बाद ये शो अब इस रविवार एक रोमांचक खुलासा करने जा रहा है। दर्शकों ने अब तक देखा कि कहानी की नायिका कालिंदी एक शैतानी ताकत से जूझ रही है जो उसका पीछा करती मालूम होती हैं। इस बात को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं कि आखिर इस ब्रह्मराक्षस की असली पहचान क्या है और क्या वो इंसानी रूप लेगा? अब इस शो के एक ताजा एपिसोड में एक दिलचस्प मोड़ पर दर्शकों को पता चलेगा कि ब्रह्मराक्षस कोई और नहीं बल्कि वरधान चौधरी है, जिसका किरदार मल्टी टैलेंटेड टेलीविजन सुपरस्टार चेतन हंसराज निभा रहे हैं। यह शो जी टीवी पर शनिवार और रविवार रात 9 बजे प्रसारित होता है।