Peddi Trailer: राम चरण-जान्हवी की 'पेद्दी' का ट्रेलर कब होगा रिलीज? निर्माताओं ने जारी किया दमदार नया पोस्टर
Peddi Trailer Release Date: राम चरण की फिल्म 'पेद्दी' की रिलीज से पहले इसके निर्माताओं ने ट्रेलर रिलीज की तारीख का खुलासा कर दिया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने आज 'पेद्दी' का एक नया पोस्टर जारी कर फैंस को खुश कर दिया है।
विस्तार
राम चरण और जान्हवी कपूर की फिल्म 'पेद्दी' इस साल की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म मेकर्स ने आज आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि इसका ट्रेलर किस तारीख को रिलीज किया जाएगा। फिल्म का विश्वव्यापी प्रीमियर 3 जून को होगा और यह फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम
ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम भोपाल में बहुत बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। ट्रेलर को 18 मई को जारी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राम चरण, जान्हवी कपूर, निर्देशक बुची बाबू सना, निर्माता वेंकट सतीश और फिल्मकार सुकुमार समेत कई बड़े नाम मौजूद रहेंगे। संगीतकार ए.आर. रहमान भी आने वाले हैं और वे लाइव परफॉर्मेंस भी दे सकते हैं।
'पेद्दी' नया पोस्टर जारी
11 मई को आज फिल्म निर्माताओं ने 'पेद्दी' से राम चरण का एक नया पोस्टर जारी किया है। इसमें राम चरण को गांव के मजबूत और देहाती लुक में दिखाया गया है। लंबे बाल, नारंगी हेडबैंड, घनी दाढ़ी, मिट्टी जैसी कमीज और चप्पलें। वैसे राम का यह लुक उनकी बाकी फिल्मों के किरदारों से बिल्कुल अलग है।
'पेद्दी' की कहानी
'पेद्दी' एक तेलुगु स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है। इसमें राम चरण एक पहलवान की भूमिका में हैं। कहानी 1980 के दशक के आंध्र प्रदेश के एक गांव में सेट है। राम अपनी ताकत और प्रभाव से गांव को एकजुट करता है और उसकी इज्जत बचाता है। फिल्म में जोरदार एक्शन और भावुक कहानी दोनों हैं। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान का है।
फिल्म में कौन निभा रहा है किसका किरदार?
- राम चरण- 'पेद्दी' पहलवान (मुख्य भूमिका)
- जान्हवी कपूर- अचियाम्मा
- शिव राजकुमार- गौरनायडू
- दिव्येंदु- रामबुज्जी
- जगपति बाबू- अप्पलासूरी
- बोमन ईरानी और उपेन्द्र लिमये महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे
- श्रुति हासन एक गाने में स्पेशल अपीयरेंस