इस साल कान फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू करेंगी कल्याणी प्रियदर्शन, बोलीं- बिना दबाव के आगे बढ़ना चाहती हूं
Kalyani Priyadarshan Cannes 2026 Debut: ‘लोका चैप्टर 1’ की हीरोइन कल्याणी प्रियदर्शन कान फिल्म फेस्टिवल के अपने डेब्यू पर काफी खुश हैं। जानिए उन्होंने इस पर क्या कुछ कहा…
विस्तार
‘लोका चैप्टर वन: चंद्रा’ की सफलता से सुर्खियां बटोरने वाली अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन अब इंटरनेशनल लेवल पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। कल्याणी प्रियदर्शन 14 मई को कान फिल्म फेस्टिवल में अपना डेब्यू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह कल्याणी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक में अपने डेब्यू पर अब कल्याणी ने खुशी जताई है।
कल्याणी प्रियदर्शन ने बताया सुखद अनुभव
कान फिल्म फेस्टिवल में अपने डेब्यू को लेकर कल्याणी ने कहा कि कान फिल्म फेस्टिवल हमेशा से सिनेमा का एक प्रतिष्ठित उत्सव रहा है, इसलिए इस साल वहां होना बहुत खास लग रहा है। 'लोका चैप्टर वन: चंद्रा' को मिले प्यार के लिए मैं आभारी हूं। मुझे लगता है कि भारतीय सिनेमा को इस समय ग्लोबली एक शानदार तरीके से पहचान मिल रही है। ऐसे में लोका के जरिए इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनाना और अब कान फिल्म फेस्टिवल जैसे मंच का अनुभव करना काफी अच्छा लग रहा है और एक सुखद अनुभव है।
खुद पर दबाव नहीं डालना चाहती
कान फिल्म महोत्सव के लिए अपनी तैयारियों के बारे में बात करते हुए कल्याणी ने कहा कि मैं बस पूरे अनुभव का आनंद लेना चाहती हूं और खुद पर ज्यादा दबाव डाले बिना आसानी से आगे बढ़ना चाहती हूं।
79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 12 मई से 23 मई तक किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित वार्षिक समारोह हर साल की तरह फ्रांस के फ्रेंच रिवेरा के कान शहर के 'पैलेस डेस फेस्टिवल्स' में किया जाएगा। कान फिल्म फेस्टिवल में हर साल कई भारतीय सेलेब्स अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं। अब इसी लिस्ट में कल्याणी प्रियदर्शन का भी नाम शामिल होने जा रहा है।