Chikitu Vibe Song Release: रजनीकांत के जन्मदिन पर प्रशंसकों को मिला तोहफा, 'कुली' का गाना 'चिकिटु वाइब' रिलीज
रजनीकांत के जन्मदिन पर 'कुली' के निर्माताओं ने प्रशंसकों को बड़ा तोहफा दिया है। फिल्म का गाना 'चिकिटु वाइब' रिलीज हो गया है।
विस्तार
सुपरस्टार रजनीकांत आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनेता इन दिनों साउथ फिल्म निर्देशक लोकेश कनगराज के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कुली' की शूटिंग में व्यस्त हैं। वहीं, अब फिल्म के निर्माताओं ने थलाइवा के जन्मदिन पर प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। 'कुली' का गाना 'चिकिटु वाइब' रिलीज हो गया है। इसमें रजनीकांत के एनर्जेटिक डांस मूव्स देखते ही बन रहे हैं।
सौ जूनियर कलाकार के साथ थिरके रजनीकांत
प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'चिकिटु वाइब' गाना जारी किया है। यह अनिरुद्ध रविचंदर की रचना है। वीडियो में रजनीकांत एक गैरेज जैसी सेटिंग में दिल खोलकर थिरकते नजर आ रहे हैं। इसमें उनके साथ सौ जूनियर कलाकार भी शामिल हैं। यह 'कुली' का पहला गाना है। वहीं, इसके बोल और म्यूजिक दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर देने वाले हैं।
View this post on Instagram
'कुली' की रिलीज डेट
रजनीकांत की मल्टी-स्टारर गैंगस्टर एक्शन ड्रामा 'कुली' के निर्माता फिल्म को 1 मई, 2025 को रिलीज करने के लिए तैयार हैं। फिल्म की चर्चा पहले से ही तेज है, इसमें कोई संदेह नहीं है कि 'कुली' अपनी ओपनिंग पर तगड़ी कमाई करेगी। विशेष रूप से यह फिल्म लंबे समय के बाद निर्देशक लोकेश कनगराज की स्टैंडअलोन फिल्म भी है। निर्देशक की पिछली फिल्में 'कैथी', 'विक्रम' और 'लियो' उनके लोकेश सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा थीं।
'कुली' की स्टारकास्ट
तेलुगु स्टार अक्किनेनी नागार्जुन, 'मंजुम्मेल बॉयज' फेम सौबिन शाहिर, श्रुति हासन और कन्नड़ स्टार उपेंद्र जैसे कलाकार भी गैंगस्टर एक्शन ड्रामा का हिस्सा हैं। जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान फिल्म में एक महत्वपूर्ण कैमियो भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक इस अटकल की पुष्टि नहीं की है।
Pushpa 2: अल्लू अर्जुन पहुंचे दिल्ली, फैंस को कहा शुक्रिया, बोले-'ये दर्शकों से मिला लव नहीं, वाइल्ड लव है'