Aankhon Ki Gustaakhiyan: डेब्यू से पहले ट्रोल्स को शनाया कपूर की दो टूक, बोलीं- मैं खुद ढूंढती हूं नेगेटिविटी
Shanaya Kapoor: संजय कपूर की लाडली शनाया कपूर बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। विक्रांत मैसी के साथ फिल्म आंखों की गुस्ताखियां में डेब्यू से पहले हो रही ट्रोलिंग पर अब शनाया का रिएक्शन आया है।
विस्तार
बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही शनाया कपूर सोशल मीडिया की बेरहम दुनिया से दो-चार हो रही हैं। संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया अपनी पहली फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ से सिल्वर स्क्रीन पर दस्तक देने जा रही हैं। लेकिन डेब्यू से पहले ही वो जिस हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं, वो काबिल-ए-तारीफ है।
‘मैं जानबूझकर नेगेटिविटी खोजती हूं’
हाल ही में ‘स्क्रीन’ के साथ एक इंटरव्यू में शनाया ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और नेगेटिव कमेंट्स पर अपनी राय खुलकर रखी। उन्होंने कहा कि वो जानबूझकर सोशल मीडिया पर खुद से जुड़े नेगेटिव कमेंट्स और आर्टिकल्स पढ़ती हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं जानना चाहती हूं कि लोग मेरे बारे में क्या कह रहे हैं। मुझे लगता है कि ये मेरा फर्ज है कि मैं ऑडियंस की राय को सुनूं।’
ये खबर भी पढ़ें: Fardeen Khan Divorce: फरदीन के पत्नी संग तलाक पर सास मुमताज ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- 'वो अब भी शादीशुदा'
जहां ज्यादातर सेलिब्रिटीज ऑनलाइन ट्रोल्स से दूरी बनाकर रखते हैं, वहीं शनाया की ये सोच उन्हें खास बनाती है। हालांकि उन्होंने ये भी माना कि कई बार ये कमेंट्स बहुत क्रूर होते हैं, खासकर जब वो उनकी लुक्स, कपड़ों या शरीर को लेकर होते हैं।
शनाया ने ट्रोलिंग पर कही बड़ी बात
शनाया ने ये भी कहा कि उन्होंने वक्त के साथ ये समझ लिया है कि किस तरह की बातों को खुद से दूर रखना है और किसे गंभीरता से लेना है। उन्होंने कहा, ‘कुछ बातें बहुत पर्सनल होती हैं, जैसे कि बॉडी या ड्रेसिंग को लेकर। लेकिन मैं उन्हें अलग रख देती हूं। मैं कोशिश करती हूं कि अपनी कला को सुधारने के लिए इन्हें एक फीडबैक की तरह लूं।’
शनाया की फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है और लोगों की ओर से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है। इस फिल्म में उनके साथ नजर आएंगे अभिनेता विक्रांत मैसी, जो इसमें एक दृष्टिहीन युवक की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन किया है संतोष सिंह ने और इसे लिखा है मानसी बगला ने। फिल्म को ज़ी स्टूडियोज और मिनी फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है और यह 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।