Chak De India: 'चक दे इंडिया' में जब शाहरुख ने ली थी सलमान की जगह, जानें असल में क्या हुआ था?
Salman Khan in Chak De India: फिल्म 'चक दे इंडिया' में सलमान खान को लिया जाना था लेकिन बात नहीं बन सकी। इस पर सलमान खान ने अपनी बात रखी है।
विस्तार
फिल्म 'चक दे इंडिया' शाहरुख खान के करियर की सबसे अच्छी फिल्मों में से एक है। फिल्म ने सिर्फ दर्शकों को ही नहीं रिझाया था बल्कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी। पहले ही दिन फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। हालांकि कई लोगों को यह नहीं मालूम है कि इस फिल्म के लिए शाहरुख खान पहली पसंद नहीं थे। फिल्म में हॉकी कोच का किरदार सलमान खान को मिलने वाला था। तो आइए जानते हैं कि ऐसा क्या हुआ कि ये फिल्म शाहरुख को मिली।
मोटी फीस चाहते थे सलमान खान
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सलमान खान ने चक दे इंडिया के लिए एक मोटी रकम मांगी थी। यही वजह है कि आदित्य चोपड़ा ने उनके साथ 'एक था टाइगर' बनाने तक काम नहीं किया, हालांकि सलमान ने अपनी शर्तों पर इस फिल्म में काम किया। सलमान खान ने 'सुल्तान' फिल्म के प्रमोशन के दौरान बताया था कि उन्होंने 'चक दे इंडिया' में काम क्यों नहीं किया था?
सलमान की छवि कोच की भूमिका निभाने वाली नहीं थी
सलमन खान ने मजाक में कहा था 'मैंने ये फिल्म इसलिए छोड़ दी थी ताकि शाहरुख खान को भी कुछ अच्छी फिल्में मिल जाएं।' इसके बाद सलमान खान ने कहा कि उस वक्त उनकी छवि कबीर खान जैसे कोच की भूमिका निभाने वाली नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रशंसकों के बीच उनसे नायक जैसी उम्मीदें होने के कारण फिल्म छोड़ दी।
यह खबर भी पढ़ें: Salman Khan: 'सिकंदर' फ्लॉप होने पर सलमान को किसकी जरूरत पड़ी? इमोशनल बयान वाला वीडियो वायरल
दर्शक सलमान से कर रहे थे उम्मीदें
सलमान खान ने बताया 'जब मुझे चक दे इंडिया मिली, उस वक्त मेरी छवि एकदम दूसरी थी, मैं पार्टनर और इसी तरह की फिल्में करता था। चक दे इंडिया को छोड़ने की एक मात्र वजह यह थी कि मेरे फैन मुझसे उम्मीद करते कि मैं भारत के लिए मैच जीत के लाउं, हालांकि यह फिल्म में था ही नहीं। उस वक्त मेरी उस तरह की शैली नहीं थी।'
सलमान करते हैं व्यवसायिक सिनेमा
सलमान खान ने बताया कि 'चक दे इंडिया' गंभीर सिनेमा था। उन्होंने कहा 'यह अधिक गंभीर किस्म की फिल्म थी और मैं अधिक व्यवसायिक किस्म का सिनेमा कर रहा था जो मैं अभी भी कर रहा हूं। मैं कभी भी व्यावसायिक सिनेमा के दायरे से बाहर नहीं निकलूंगा, लेकिन व्यावसायिक क्षेत्र में बहुत सारी अच्छी फिल्में होंगी।'
'चक दे इंडिया' के बारे में
आपको बता दें 'चक दे इंडिया' का निर्देशन शिमित अमीन ने किया था। 2007 में रिलीज हुई यह फिल्म 'ओम शांति ओम' के बाद साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।