इंटरव्यू: ‘पैसे हैं ही नहीं, फिल्म तो फ्लॉप हो गई’, शाहरुख की हीरोइन के साथ हुआ था स्कैम; जानें क्या था मामला
- 'चक दे! इंडिया' फेम विद्या मालवडे इन दिनों माईक्रोड्रामा सीरीज 'स्कैम 2024: द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी' में नजर आ रही हैं।
- स्कैम पर बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा अपना एक अनुभव साझा किया।
- विद्या का कहना है कि एक वक्त ऐसा था जब फिल्मों में काम करने के बावजूद निर्माता पैसे नहीं देते थे। अभिनेत्री से क्या कहा जाता था? जानिए
विस्तार
अभिनेत्री विद्या मालवडे ने अमर उजाला डिजिटल से बातचीत के दौरान बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में प्रोड्यूसर उनसे काम तो करवा लेते थे, लेकिन पैसे देने के नाम पर फिल्म फ्लॉप होने का बहाना बना देते थे। उन्होंने इंडस्ट्री में आए बदलावों और अपने ड्रीम रोल पर भी बात की।
'प्रोड्यूसर काम करवा लेते थे, लेकिन पैसे नहीं देते थे'
डिजिटल अरेस्ट पर आधारित सीरीज 'स्कैम 2024: द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी' में नजर आ रहीं विद्या मालवडे से पूछा गया कि क्या कभी इंडस्ट्री में उनके साथ ऐसा कुछ हुआ, जिसे बाद में उन्होंने बड़े स्कैम की तरह महसूस किया हो।
इस पर विद्या ने कहा, 'स्कैम तो नहीं कह सकते। मुझे लगता है कि एक जमाना था, जब मैं बहुत भोली थी। उस समय प्रोड्यूसर पैसे नहीं देते थे। काम करवा लेते थे, लेकिन पैसे नहीं ..फिल्म रिलीज भी हो जाती थी, फिर भी आप अपने पैसों के लिए पूछते रहते थे कि मेरे पैसे कहां हैं? इसके बाद भी पैसे नहीं मिलते थे। प्रोड्यूसर कह देते थे कि पैसे हैं ही नहीं, फिल्म फ्लॉप हो गई, तो पैसे नहीं हैं।
मैं बस यही सोचती थी कि मैंने फिल्म इसलिए थोड़ी न साइन की थी कि जब फिल्म हिट होगी, तब मुझे मेरे पैसे मिलेंगे। मैंने इसलिए साइन की थी कि यह मेरा काम है और इसके मुझे पैसे चाहिए। सिंपल ...आज भी कई लोगों के साथ ऐसा होता है, लेकिन शुक्र है कि अब मेरे साथ ऐसा नहीं होता।'
'लोगों पर भरोसा करती हूं, लेकिन अब अपने लिए खड़े होने की हिम्मत है'
विद्या ने कहा कि इन अनुभवों से उन्हें सीख मिली है। उन्होंने कहा, 'कॉन्ट्रैक्ट तो तब भी होते थे, लेकिन मुझे लगता है कि तब इतनी जागरूकता नहीं थी। मैं बहुत जल्दी लोगों पर भरोसा कर लेती हूं और आज भी सब पर भरोसा करती हूं। लेकिन कहते हैं न, जब थप्पड़ पड़ता है, तब समझ आती है। मेरे साथ भी ऐसा ही है। अब इतनी हिम्मत आ गई है कि मैं खुद भी थप्पड़ मार दूं।'
'अब इंडस्ट्री में बहुत प्रोफेशनलिज्म है'
इंडस्ट्री में इतने साल काम करने के दौरान आए बदलावों के बारे में विद्या ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं सिर्फ अच्छा ही देखूंगी। जब मैंने शुरुआत की थी, तब इतना प्रोफेशनलिज्म नहीं था। जैसा कि मैंने कहा, एक प्रोजेक्ट के लिए आधे पैसे भी नहीं मिले। अब बहुत ज्यादा प्रोफेशनलिज्म है। मुझे लगता है कि बहुत सारे युवा लोग आए हैं, जिनके पास नए आइडिया हैं और फिल्म बनाने के अलग-अलग तरीके हैं।'
'नेपोटिज्म है, लेकिन बाहर से आने वालों के लिए भी मौके हैं'
इंडस्ट्री में नेपोटिज्म पर विद्या ने कहा, 'नेपोटिज्म तो है। आप चाहते हैं कि आपका बच्चा भी वही बने, जो आप हैं, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना है। लेकिन मुझे लगता है कि इंडस्ट्री में बहुत सारे बाहर से आने वाले लोग भी हैं। उनके लिए भी अवसर हैं। मुझे लगता है कि सबके लिए मौके हैं।'
'उमराव जान जैसी तवायफ का किरदार निभाना चाहती हूं'
अपने ड्रीम रोल के बारे में विद्या ने कहा कि वह पर्दे पर तवायफ का किरदार निभाना चाहती हैं। उन्होंने कहा, 'अगर कोई मुझसे अच्छा कथक करवाए, तो मुझे अच्छा लगेगा। दरअसल, मैं उमराव जान जैसी तवायफ का किरदार निभाना चाहूंगी। साथ ही, मुझे कॉमेडी करने में भी बड़ा मजा आता है। असल जिंदगी में भी मैं बहुत कॉमेडी करती हूं। अगर आप मुझे करीब से जानते हैं, तो आपको मेरी कॉमिक टाइमिंग का अंदाजा होगा। मैं आपको हर समय एंटरटेन करती रहूंगी। इसलिए मैं कॉमेडी करना चाहूंगी।'