Joyland: पाकिस्तान ने अपनी ही ऑस्कर एंट्री फिल्म 'जॉयलैंड' को किया बैन, मचा बवाल, जानिए क्या है पूरा मसला
पाकिस्तानी डायरेक्टर और राइटर सईम सादिक के निर्देशन वाली फिल्म 'जॉयलैंड' को अपने ही देश पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है। 'जॉयलैंड' पाकिस्तान की तरफ से ऑस्कर 2023 में ऑफिशियल एंट्री करने वाली फिल्म है।
विस्तार
पाकिस्तानी डायरेक्टर और राइटर सईम सादिक के निर्देशन वाली फिल्म 'जॉयलैंड' को अपने ही देश पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है। 'जॉयलैंड' पाकिस्तान की तरफ से ऑस्कर की ऑफिशियल एंट्री वाली फिल्म है। यह फिल्म 18 नवंबर को सिनेमाघरों में आने वाली थी। हालांकि, किन्ही कारणों की वजह से इसकी रिलीज रोक दी गई है। दरअसल, 3 नवंबर को जब फिल्म का टीजर जारी किया गया था, तब फिल्म में दिखाए गए कुछ सीन्स पर आपत्ति जताते हुए फिल्म को बैन करने की मांग उठाई गई थी। जिसके बाद पाकिस्तान सूचना प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म पर बैन लगा दिया। इस खबर के सामने आने के बाद से ही हर किसी के मन में एक ही सवाल उठ रहा है कि आखिर फिल्म में ऐसा क्या दिखाया गया है जिसकी वजह से पाकिस्तान ने अपनी ही ऑस्कर एंट्री फिल्म 'जॉयलैंड' को बैन कर दिया है। आइए जानते हैं...
सर्टिफिकेट पाने के बाद भी बैन हुई फिल्म
गौरतलब है कि 'जॉयलैंड' को पाकिस्तान में रिलीज होने से कुछ महीनों पहले ही सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिल चुका था। इसके बावजूद फिल्म को बैन करने का कदम उठाया गया। बता दें कि इस फिल्म की कहानी को लेकर बवाल मचा हुआ है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में आपत्तिजनक कंटेंट की वजह से बैन लगाने का फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें: Childrens Day 2022: वो छह फिल्में जो बच्चों को सिखाती हैं जीवन का पाठ, मनोरंजन के साथ देती हैं सीख
जॉयलैंड के बैन होने की वजह
बता दें कि फिल्म की कहानी एक पितृसत्तात्मक परिवार की है, जिसे अपना वंश बढ़ाने के लिए बेटा चाहिए। फिल्म में दिखाया गया है कि परिवार का सबसे छोटा बेटा और कहानी का हीरो सबसे छुपकर एक इरॉटिक थिएटर ग्रुप ज्वाइन करता है। जहां वह एक ट्रांसजेंडर महिला के प्यार में पड़ जाता है। यानी फिल्म में एक लड़के और ट्रांसजेंडर की लव स्टोरी दिखाई जाती है। जिसका टीजर देख पाकिस्तान में बवाल मचा हुआ है। दरअसल, पाकिस्तान के धार्मिक कट्टरपथिंयों को फिल्म में एक लड़के का ट्रांसजेंडर के प्यार में पड़ना पसंद नहीं आ रहा है। वो इसे 'इस्लाम के खिलाफ' बताते हुए फिल्म की आलोचना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Ram Charan: राम चरण ने कसा तंज, कहा- जितने दिन में अक्षय फिल्म बनाते हैं उतने समय में RRR का एक सीन शूट हुआ
प्रतिबंध की समीक्षा होगी
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी पीएम ने ऑस्कर में पाकिस्तान की एंट्री 'जॉयलैंड' पर लगे प्रतिबंध की समीक्षा के लिए कहा है। प्रधानमंत्री के एक सलाहकार ने बताया, एक शादीशुदा पुरुष और ट्रांसजेडर महिला के बीच की प्रेम कहानी 'जॉयलैंड' अगले अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) के लिए पाकिस्तान की एंट्री है और इस साल कान फिल्म उत्सव की पुरस्कार विजेता है। लेकिन, मुसलमान बहुल आबादी वाले पाकिस्तान में फिल्म को लेकर विवाद पैदा हो गया और देश के सेंसर बोर्ड ने फिल्म को रिलीज करने के अपने पुराने फैसले को पिछले सप्ताह पलटते हुए सिनेमाघरों में उसके प्रदर्शन पर रोक लगा दी। पीएम के सलाहकार सलमान सूफी ने ट्वीट किया कि 'जॉयलैंड' को देखने और उस पर लगे प्रतिबंध की समीक्षा करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जा रहा है। समिति शिकायतों का अध्ययन करेगी और इस पर गौर करने के बाद पाकिस्तान में उसके रिलीज पर फैसला लेगी। फिल्म निर्देशक सैम सादिक ने प्रतिबंध को 'असंवैधानिक और गैरकानूनी' बताया है।