Orry: ओरी के खिलाफ केस दर्ज, माता वैष्णो देवी तीर्थ स्थल के बेस कैंप में शराब के सेवन का आरोप
Orhan Awatramani aka Orry: सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट और वीडियो को लेकर चर्चा में रहने वाले ओरी उर्फ ओरहान अवात्रामणि मुसीबत में घिर गए हैं। उन पर माता वैष्णो देवी तीर्थ स्थल की यात्रा के दौरान एक बेस कैंप में शराब के सेवन का आरोप है।
विस्तार
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी उर्फ ओरहान अवात्रामणि के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वे हाल ही में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचे। अपनी इस धार्मिक यात्रा के दौरान उन पर कटरा के एक बेस कैंप में शराब का सेवन करने का आरोप है। ओरी और आठ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
यह खबर भी पढ़ें:
Shah Rukh Khan: ‘पुष्पा’ के निर्देशक सुकुमार से चल रही शाहरुख की बात! निभा सकते हैं एंटी-हीरो का किरदार
ओरी के अलावा आठ अन्य पर केस दर्ज
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 'जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, कटरा स्थित एक होटल में कथित तौर पर शराब पीने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी सहित आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है'। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के बेस कैंप में शराब पीने के आरोप में ओरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ओरी के अलावा आठ अन्य लोगों पर भी केस हुआ है। इनमें एक रूसी नागरिक शामिल है। कानून के अनुसार, इस तीर्थ क्षेत्र में शराब और मांसाहारी भोजन का सेवन सख्त वर्जित है।
Jammu & Kashmir | As per police, FIR was registered against eight people, including socialite influencer Orhan Awatramani aka Orry, for allegedly consuming alcohol in a hotel located in Katra
— ANI (@ANI) March 17, 2025
इंस्टाग्राम पर किया था पोस्ट
माता वैष्णो देवी दर्शन की अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान ओरी ऐसी गलती कर बैठे कि अब उनकी गिरफ्तारी की नौबत आ गई है। ओरी की एक इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद ऐसा हुआ। ओरी ने कटरा के एक होटल में शराब पीने की अपनी फोटो सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा की थी। इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
यह खबर भी पढ़ें:
RC 16: क्या सच में राम चरण की फिल्म में नजर आएंगे धोनी? जानें दावों के पीछे की सच्चाई
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और नियम तोड़ने का आरोप
ओरी और अन्य लोगों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। साथ ही जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में ओरी और अन्य के खिलाफ केस कटरा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है। ओरी के अलावा अन्य आरोपियों की पहचान दर्शन सिंह, पार्थ रैना, रितिक सिंह, राशि दत्ता, रक्षिता भोगल, शगुन कोहली और एक रूसी नागरिक अनास्तासिला अर्जामास्किना के रूप में हुई है।