She Hulk Review: मिलिए हल्क की चचेरी बहन ‘शी हल्क’ से, मार्वल की नई सीरीज देखने से पहले पढ़ें पूरा रिव्यू
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (एमसीयू) में कैप्टन मार्वल के आने के बाद से ये दुनिया पहले जैसी कभी नहीं रही। मिस मार्वल भी इस दुनिया में आ चुकी है। इटर्नल्स को बड़े परदे पर दुनिया भर के लोगों ने देखा और अब बारी है और लेडी सुपरहीरो शी हल्क (She Hulk) की। कोई 32 साल पहले एक टेलीविजन फिल्म बननी शुरू हुई थी, ‘द डेथ ऑफ द इनक्रेडिबल हल्क’। शी हल्क को पहले पहल इसी फिल्म में नजर आना था लेकिन न फिल्म बनी और न ही शी हल्क का अवतार सामने आया। इसके बाद इस किरदार पर फिल्म बनाने की एक और कोशिश विफल रही और फिर साल 2019 में हुए डी 23 एक्सपो में मार्वल स्टूडियोज की तरफ से इस किरदार पर वेब सीरीज बनाने का ऐलान हुआ। ‘ब्लैक विडो’ और ‘शांग ची एंड द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ बनाने के लिए मार्वल स्टूडियोज के दिग्गजों से मिलीं जेसिका गाओ को वहां तो मौका नहीं मिला, लेकिन ये सीरीज रचने का मौका जरूर उन्होंने जीत लिया।
हर हफ्ते नया एपिसोड
गुरुवार से हर हफ्ते वेब सीरीज का एक एपिसोड ओटीटी डिज्नी प्लस हॉट स्टार पर प्रसारित होगा। हालांकि पिछली सीरीज ‘आई एम ग्रूट’ के सारे एपीसोड मार्वल ने एक साथ रिलीज कर दिए थे। पिछले साल ‘वांडा विजन’ से फैलने शुरू हुए मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के विस्तार की ये आठवीं वेब सीरीज है। इन सीरीज का सिलसिला चूंकि अब मार्वल की फिल्मों से भी जुड़ने लगा है लिहाजा एमसीयू की इन डिजिटल कहानियों में दर्शकों की दिलचस्पी भी खासी है। वेब सीरीज ‘शी हल्क’ (She Hulk) में दिलचस्पी की एक बड़ी वजह ये भी है कि एमसीयू में वकील से सुपरहीरो बना एक किरदार डेयर डेविल के रूप में पहले से है। फिल्म ‘स्पाइडर मैन नो वे होम’ में चार्ली कॉक्स के परदे पर आते ही जिस तरह का शोर सिनेमाघरों में बैठे दर्शकों ने मचाया था, उसी से समझ आ गया था कि ये किरदार अभी एमसीयू में कुछ और ‘तोड़फोड़’ मचाने वाला है।
दुर्घटना में मिलीं अलौकिक शक्तियां
शी हल्क (She Hulk) यहां हल्क की चचेरी बहन के रूप में है। एमसीयू में वह आती है जेनिफर वाल्टर्स के नाम से। पेशे से वकील है और अपने भाई के साथ एक दुर्घटना का शिकार होने पर उसके खून में अपने भाई का खून मिल जाता है। संक्रमण अपना असर दिखाता है और सीधी सादी सी दिखने वाली जेनिफर विशालकाय हल्क बन जाती है। लोग उसे ‘शी हल्क’ (She Hulk) का नाम देते हैं जो उसे पसंद नहीं आता। सीरीज के शुरू के चार एपीसोड देखने से समझ आता है कि ये किरदार एमसीयू का पहला ऐसा सुपरहीरो है जिसे अनायास मिली अलौकिक शक्तियों से कोई मोह नहीं है और ना ही वह ये शक्तियां पाकर खुश ही है। और यही बात उसे मौजूदा पीढ़ी के दर्शकों से सीधे जोड़ती है। अपनी ही दुनिया से संतुष्ट लोगों में से जेनिफर वाल्टर्स भी है। वह बजाय कुछ ‘महान’ करने के सुकून का जीवन अपने हिसाब से जीना चाहती है। हल्क उसे अपने गुस्से पर काबू करने के फॉर्मूले सिखाना चाहता है लेकिन पता चलता है कि ये हल्क उसके हल्क जैसी नहीं है।
एमसीयू के दूसरे किरदारों का कनेक्शन
वेब सीरीज ‘शी हल्क’ (She Hulk) की कहानी एपिसोड दर एपिसोड आगे बढ़नी है लिहाजा इस बारे में ज्यादा कुछ लिखना दर्शकों का मजा भी खराब कर सकता है। लेकिन, तातियाना मसलेनी ने इस किरदार को जिस हरफनमौला अंदाज से जिया है, वही इस सीरीज का असली आनंद है। हालांकि उसके लाख चाहने पर भी ‘जियो और जीने दो’ का उसका फलसफा सफल होता दिखता नहीं है। अदालत में ज्यूरी को एक हमले से बचाने के चलते जेनिफर की नौकरी जाती है लेकिन यही कंपनी उसे अगले ही रोज अपनी सुपर हीरो शाखा के लिए वापस भी बुला लेती है। उसके साथ उसकी हमराज है। उसका शी हल्क (She Hulk) वाला अवतार सोशल मीडिया में भी हिट है। डेटिंग के लिए भी उसके पीछे लड़कों की कतार लगी है और इस सबके बीच उसे केस मिलता है एमिल ब्लॉन्सकी को जेल से पैरोल दिलाने का। अबॉमिनेशन याद है आपको? पिछली बार वह ‘शांग ची एंड द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ में दिखा था। हल्क के बाद इस सीरीज की कहानी बीते एमसीयू से अबॉमिनेशन के जरिये नाता जोड़ती है और इसी के साथ साथ कहानी में चले आते हैं एमसीयू के दूसरे लोकप्रिय किरदार।
कॉमिक वेब सीरीज का अनूठा अंदाज
मार्वल स्टूडियोज ने वेब सीरीज ‘शी हल्क’ (She Hulk) का मूड काफी मजाकिया रखा है। हर पल इसके किरदार कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं कि दर्शकों के चेहरे पर पूरे एपिसोड मुस्कान बनी रहती है। शी हल्क फोर्थ वॉल से भी बात करती है यानी कि वह दर्शकों से भी सीधा संवाद बनाने की कोशिश करती है। ‘डेड पूल’ की ये खासियत उसके किरदार में डालकर सीरीज की रचयिता जेसिका गाओ ने शी हल्क को आम इंसानों जैसा दिखाने में कामयाबी पाई है। सीरीज की पटकथा बिल्कुल सही रास्ते पर है। इसके किरदारों खास तौर से हल्क और शी हल्क को परदे पर रचने में लिए गए स्पेशल विजुअल इफेक्ट्स का असर बहुत विस्मयकारी तो नहीं है लेकिन कहानी को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त है।
देखें कि न देखें
तकनीकी रूप से वेब सीरीज ‘शी हल्क’ (She Hulk) मार्वल स्टूडियोज की बीते दो साल में आ चुकी पहले की सात वेब सीरीज के स्तर की ही है। सीरीज का बैकग्राउंड म्यूजिक इसकी पिछली सीरीज ‘मून नाइट’ और ‘मिस मार्वल’ से बेहतर बन पड़ा है। हालांकि फ्लोरियन बालाहॉस और डूग चेम्बरलेन की सिनेमैटोग्राफी के लिए यही नहीं का जा सकता। ‘शी हल्क’ की कहानी चूंकि एक सामान्य जीवन का हिस्सा बनी दिखती है लिहाजा एक छह फुट सात इंच के किरदार से नजरिये से दुनिया को देखने का केंद्रबिंदु यहां दर्शकों के सामने ढंग से प्रकट नहीं होता। सीरीज का सबसे मजबूत पक्ष है इसकी कहानी और इसकी पटकथा जो हर एपिसोड को चुस्त बनाए रखने में मदद करती है और हां, एंड क्रेडिट्स के बीच में पोस्ट क्रेडिट सीन देखना जरूर याद रखें। इनका तड़का भी निराला है।