Quarantine Love Review: कोरोना के सन्नाटे में दिल को छू जाएगा मीका सिंह का ये अलहदा अंदाज
डिजिटल रिव्यू: क्वारंटीन लव (म्यूजिक वीडियो)
कलाकार: मीका सिंह, चाहत खन्ना
मूल गीतकार: आनंद बक्षी, राजेंद्र कृष्ण
मूल संगीतकार: आर डी बर्मन
यूट्यूब चैनल: सारेगामा म्यूजिक
रेटिंग: ***
विस्तार
किसी गाने में नाम मीका सिंह का जुड़ा हो और खबरें हफ्ते भर पहले से उनके चाहत खन्ना से रोमांस की आ रही हों, तो फीलिंग कुछ ठीक आती नहीं है। लेकिन, इसे सुनने के बाद धारणा बदलती है। कोरोना काल में मीका सिंह की गायिकी और गाने में आया ये बदलाव काफी सुखद है। सारेगामा म्यूजिक ने इससे पहले विजय बेनेडिक्ट के गाए शानदार गाने 'आई एम ए डिस्को डांसर' पर बेनी दयाल की आवाज में जो अत्याचार किया था, उससे मिथुन चक्रवर्ती के करोड़ों दीवानों के दिल टूटे थे, मीका सिंह का ये गाना उस दर्द पर किसी मरहम सा काम करता है।
क्वारंटीन लव दरअसल दो मशहूर गानों का ओवरले है। मीका सिंह ने अरसे बाद बिना भोंडेपन का सहारा लिए बिल्कुल शराफत से ये दोनों गाने गाए हैं और एक गाने से दूसरे गाने पर वह जिस सहजता से चले जाते हैं, वह उनकी म्यूजिक पर पकड़ की असली बानगी भी हैं। मीका को जिन लोगों ने दिल्ली में उनके शुरुआती दिनों में देखा है, उन्हें उनका पहला अलबम गबरू भी याद है और ये भी याद है कि उन्होंने अपने भाई दलेर मेहंदी की सुरक्षा और सेवा में कितनी तपस्या की है।
मीका सिंह की आवाज अरिजीत सिंह जैसे सुनाई देने वाले जैसे दर्जनों गायकों से बिल्कुल अलग है। उनका दर्शन भी सबसे जुदा है। क्वारंटीन लव जैसे गाने वह ओरीजनल भी गाएं तो लोगों को भीड़ में एक अलग एहसास मिल सकता है। बालिका वधू का गाना 'बड़े अच्छे लगते हैं' तो खैर है ही कालजयी गीत लेकिन उसकी बनिस्बत कम सुनाई देने वाले फिल्म पड़ोसन के गाने ‘कहना है’ को भी मीका सिंह ने बहुत खूब गाया है।
क्वारंटीन लव का वीडियो ठीकठाक है। अच्छे संगीत को वैसे किसी म्यूजिक वीडियो की खास जरूरत होती नहीं है। फिर भी मणिकरन सिंह ने इनडोर रहते हुए एक अच्छा वीडियो शूट किया है, ये अलग बात है कि चाहत खन्ना से गानों के बोल के हिसाब से एक्टिंग हो नहीं पाई। तालियां तक उनसे खुलकर नहीं बजतीं तो भाव भला क्या आ पाएंगे। खैर वीडियो को छोड़िए, मीका सिंह के इस अलग अंदाज को देखिए मत बस सुनिए, कोरोना काल में फीलिंग अच्छी आएगी।