Rini Ann George: मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज को एक नेता ने भेजा आपत्तिजनक संदेश, एक्ट्रेस ने लगाए आरोप
Malayalam Actress Rini Ann George: हाल ही में मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने एक युवा राजनेता पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है।
विस्तार
मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने केरल की एक राजनीतिक पार्टी के एक युवा नेता पर आपत्तिजनक और अनुचित संदेश भेजने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भी इस घटना की जानकारी दी थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। आइए जानते हैं आखिर एक्ट्रेस ने किस पर और क्या-क्या आरोप लगाए।
‘होटल में आने के लिए कहा’
बुधवार के दिन मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने मीडिया से बात की। एक्ट्रेस ने बताया, 'मैं सोशल मीडिया के माध्यम से उस राजनेता के संपर्क में आई थी। उसका अनुचित व्यवहार तीन साल पहले शुरू हुआ था, जब मुझे पहली बार उससे आपत्तिजनक संदेश मिले थे।’ आगे एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उस नेता ने एक 5 स्टार होटल में कमरा बुक करने की भी पेशकश की और उन्हें वहां आने के लिए कहा। हालांकि, आपको बताते चलें कि अभिनेत्री ने नेता या उनकी पार्टी का नाम बताने से इनकार कर दिया।
यह खबर भी पढ़ें: The Bengal Files: गोपाल मुखर्जी की छवि बिगाड़ने के आरोप पर विवेक की प्रतिक्रिया, कहा- देश का हर-बच्चा उन्हें..
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की, लेकिन…
अभिनेत्री ने आगे बताया कि इस मामले की शिकायत उन्होंने युवा नेता की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की, लेकिन उन सबने इसे नजरअंदाज किया। इसके साथ ही पार्टी के आला अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए एक्ट्रेस ने कहा, ‘उनके बारे में मेरे मन में जो छवि थी, वह चकनाचूर हो गई है। मेरी शिकायत के बाद भी, उन्हें पार्टी में कई प्रमुख पद दिए गए।’
पीड़ित महिलाओं के लिए उठा रहीं आवाज
रिनी एन जॉर्ज ने कहा, ‘मुझ पर कोई हमला नहीं हुआ है, मुझे तो बस ये संदेश मिले हैं। लेकिन अपने दोस्तों के माध्यम से मुझे पता चला कि कई अन्य महिलाओं को भी उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है और मैं उनके लिए आवाज उठा रही हूं।’