Tarun Mansukhani: महंगे तलाक और कर्ज में फंस गए थे 'हाउसफुल 5' के निर्देशक, दूसरी फिल्म बनाने में लगा वक्त
Tarun Mansukhani Housefull 5: 'हाउसफुल 5' के निर्देशक तरुण मनसुखानी ने पहली फिल्म दोस्ताना साल 2008 में बनाई थी। इसके बाद दूसरी फिल्म ड्राइव साल 2019 में बनाई। उन्होंने बताया है कि उन्होंने दूसरी फिल्म बनाने में इतना लंबा गैप क्यों किया।
विस्तार
फिल्म 'हाउसफुल 5' के निर्देशक तरुण मनसुखानी ने अपने निर्देशन करियर की शुरूआत फिल्म 'दोस्ताना' (2008) से की थी। फिल्म में जॉन अब्राहम, प्रियंका चोपड़ा और अभिषेक बच्चन थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। उम्मीद की जा रही थी कि तरुण जल्द ही दूसरी फिल्म बनाएंगे। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने लंबे ब्रेक के बाद दूसरी फिल्म साल 2019 में 'ड्राइव' का निर्देशन किया। हाल ही में जस्ट टू फिल्मी से बातचीत में तरुण ने बताया कि उन्होंने दूसरी फिल्म को बनाने में इतना लंबा गैप क्यों लिया। आइए जानते हैं।
दूसरी फिल्म बनाने में काफी गैप रहा
बातचीत में तरुण ने बताया 'जिंदगी में बहुत कुछ हुआ। मेरा तलाक हो गया। इससे मुझे बहुत बेचैनी हुई। यह बहुत महंगा था, जिंदगी में कई और मोड़ भी आए। मैं ऐसी हालत में नहीं था कि फिल्म बना सकूं। कुछ वक्त बाद मैंने पाया कि मैं कर्ज में हूं। मुझे पहले इससे बाहर आना था। मैं फिल्म इसलिए नहीं बनाना चाहता था कि इससे मुझे पैसा मिलेगा और मैं अपना कर्ज उतारूंगा। अगर मैं ऐसा करता तो मुझे लगता कि मैं गलत कर रहा हूं।'
यह खबर भी पढ़ें: Mithun Chakraborty: 'घायल' से लेकर 'सूर्यवंशम' तक मिथुन चक्रवर्ती ने रिजेक्ट कीं ये फिल्में, बाद में हुईं हिट
शादी के नौ साल बाद तलाक
उन्होंने आगे कहा 'अगर मैं पैसों के लिए फिल्म बनाता तो मुझे लगता कि मैं डर से फिल्म बना रहा हूं। मैं सेट पर मजे से काम नहीं कर पाता। अगर ऐसा होता तो काम करने का क्या फायदा था? मैंने कर्ज को उतारने के लिए जिंदगी में बहुत कुछ किया। कर्ज उतर गया, सब कुछ साफ हो गया, इसके बाद मैंने दूसरी फिल्म पर काम करना शुरू किया।'
तरुण मनसुखानी ने तरुणा नाम की महिला से शादी की थी। शादी के नौ साल के बाद 2014 में उनका तलाक हो गया।
'हाउसफुल 5' के बारे में
बहरहाल तरुण मनसुखानी ने हाल ही में 'हाउसफुल 5' का निर्देशन किया है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी चल रही है। लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ रहे हैं फिल्म की कमाई में गिरावट आ रही है। फिल्म ने पिछले 10 दिनों में 154.25 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। फिल्म का बजट 225 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म को हिट होने के लिए अभी थोड़ा वक्त चाहिए। फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख और नरगिस फाखरी के अलावा कई दूसरे कलाकार भी हैं।