‘खुशी-खुशी अलविदा कह सकूंगा’, फिल्म ‘स्पाइडर मैन’ में रिप्लेस हाेंगे टॉम हॉलैंड; बोले- सब कुछ तय हो चुका है
Tom Holland Confirms Marvel Replace Him In Movie Spider Man: गुरुवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ रिलीज हुई। इस फिल्म ने पहले दिन भारत में 60 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। इसी बीच फिल्म के मुख्य अभिनेता टॉम हॉलैंड ने चौंकाने वाली बात कही। उनका कहना है कि वह ‘स्पाइडर मैन’ की अगली फिल्म में बतौर स्पाइडर मैन नहीं होंगे। उन्हें मार्वल रिप्लेस करेगा। आखिर कौन होगा नया स्पाइडर मैन? जानिए।
विस्तार
हॉलीवुड स्टार टॉम हॉलैंड ने हाल ही में बताया है कि मार्वल स्टूडियोज और सोनी पिक्चर्स के पास स्पाइडर-मैन के भविष्य के लिए पहले से ही एक लॉन्ग-टर्म प्लान है। इसमें यह बात भी शामिल है कि मशहूर सुपरहीरो का रोल आखिरकार किसी दूसरे एक्टर को कैसे सौंपा जाएगा।
डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक टॉम हॉलैंड भी इस बात से खुश हैं कि उनकी जगह कोई और अब स्पाइडर मैन का रोल करेगा।
दूसरे कलाकार को जिम्मेदारी सौंप देंगे टॉम हाॅलैंड
'हैप्पी सैड कन्फ्यूज्ड' पॉडकास्ट पर बात करते हुए भी टॉम हॉलैंड ने कहा था, ‘एक पूरा प्लान है जिस पर हम काम कर रहे हैं। सबकुछ तय हो चुका है। मैं कहूंगा कि 'स्पाइडर-मैन नो वे होम' खत्म होने के बाद से ही यह प्लान तैयार था। इसमें निश्चित रूप से बदलाव होंगे लेकिन मेरे पास जिम्मेदारी किसी और को सौंपने को लेकर एक बहुत साफ विजन मौजूद है। मुझे लगता है कि यह वाकई रोमांचक बात होगी।’
वहीं आउटलेट से बातचीत में टॉम ने कहा, ‘ मुझे पता है कि जब हमारी ऐसी मीटिंग्स होती हैं। हम इस बारे में बात करते हैं तो मैं बहुत उत्साहित हो जाता हूं।’
इस साल की शुरुआत में टॉम हॉलैंड ने स्पाइडर मैन का रोल निभाने वाले अगले एक्टर को मेंटर करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था, ‘यह कैसा होगा, मुझे नहीं पता। लेकिन अगर मैं वही कर पाया जो डाउनी ने मेरे लिए किया था तो मुझे बहुत खुशी होगी और मैं खुशी-खुशी अलविदा कह सकूंगा।’
कौन होगा अगला स्पाइडर मैन?
एक और इंटरव्यू में टॉम हॉलैंड ने एडोलेसेंस स्टार ओवेन कूपर का नाम भी स्पाइडर-मैन के तौर पर सुझाया था।’ टॉम हॉलैंड का कहना था, ‘ओवेन कूपर बहुत बढ़िया रहेंगे। जाहिर है कि वह बहुत टैलेंटेड हैं और आजकल हर तरफ उनकी चर्चा हो रही है।’
टॉम हॉलैंड ने साल 2016 की फिल्म 'कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर' में पीटर पार्कर के तौर पर डेब्यू किया। वह तब आधिकारिक तौर पर मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ 'स्पाइडर-मैन: होमकमिंग' में लीड रोल निभाया था। फिर उन्होंने 'एवेंजर्स- इन्फिनिटी वॉर', 'एवेंजर्स- एंडगेम', 'स्पाइडर मैन- फार फ्रॉम होम', 'वेनम- लेट देयर बी कार्नेज' में कैमियो और 'स्पाइडर-मैन- नो वे होम' में यही रोल फिर से निभाया था।