कीगन एलन: लहूलुहान हुए 'प्रिटी लिटिल लायर्स' के यह अभिनेता, बंदूक और चाकू की नाेक पर हुई लूटपाट
Keegan Allen: सीरीज 'प्रीटी लिटिल लायर्स' में टोबी कैवनॉ का किरदार निभाने के लिए मशहूर अभिनेता कीगन एलन के साथ लूट हुई और मारपीट की गई।
विस्तार
एलन ने गुरुवार देर रात अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जो शायद हमले के तुरंत बाद रिकॉर्ड किया गया था। चेहरे पर खून और बुरी तरह डरे हुए एलन ने बताया कि कैसे कुछ लोगों ने 'लॉरेल सप्लाई' के बाहर उन्हें रोका, उन पर बंदूक और चाकू तान दिया, उनकी घड़ी छीन ली और भाग गए।
वीडियो में उन्होंने कहा, 'अभी-अभी 'लॉरेल सप्लाई' के बाहर मेरी घड़ी छीन ली गई। इन दो लोगों ने मेरे सिर पर मारा, मुझ पर बंदूक और चाकू तान दिया और फिर भाग गए।' इसके बाद उन्होंने अपनी घड़ी चोरी होने पर नाराजगी जाहिर की।
वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में एलन ने इस घटना के बारे में और जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने घड़ी के लिए उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने लिखा, 'वेस्ट हॉलीवुड अब सुरक्षित नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'दो नौजवानों ने बंदूक और चाकू की नोक पर मुझसे लूटपाट की और मेरी घड़ी के लिए मुझे जान से मारने की धमकी दी।'
यह सोचते हुए कि यह घटना कितनी खतरनाक हो सकती थी, अभिनेता ने कहा, 'आज रात भगवान ने इसे होने से रोक दिया। एक घड़ी के बदले मेरी जान बच गई।'
अभिनेता ने पूछा सवाल
एलन ने हमलावरों की पहचान करने में मदद की अपील की और कहा कि वह आगे की जानकारी देंगे। उन्होंने सवाल किया कि क्या इलाके के 'फ्लॉक' सर्विलांस कैमरे संदिग्धों का पता लगाने में मदद कर सकते हैं? उन्होंने अपनी पोस्ट में लॉस एंजिल्स की मेयर कैरेन बास और कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम को टैग किया।
- एलन ने 'प्रीटी लिटिल लायर्स' के सभी सात सीजन में टोबी कैवनॉ का किरदार निभाया।
- यह टीन मिस्ट्री ड्रामा दोस्तों के एक ऐसे ग्रुप की कहानी थी, जिनकी जिंदगी अपनी दोस्त एलिसन डिलाउरेंटिस के गायब होने के बाद बदल जाती है।
- यह सीरीज 2010 से 2017 तक चली। दर्शकों ने इसे पसंद किया।