Golden Globe Awards 2020: रेड कार्पेट पर निक संग पहुंचीं प्रियंका, देखें विजेताओं की पूरी लिस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म और टीवी पर दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को दिया जाने वाला सबसे प्रतिष्ठित 77वां गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में दिया गया। अभिनेता रामी यूसुफ ने टीवी शृंखला ‘रामी’ में अपने किरदार के लिए अपना पहला गोल्डन ग्लोब अवार्ड जीता। उन्होंने ‘टीवी सीरीज म्यूजिकल या कॉमेडी श्रेणी’ में बतौर अभिनेता सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए यह अवार्ड अपने नाम किया।
वहीं दक्षिण कोरिया की ‘पैरासाइट’ को विदेशी भाषा में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का अवॉर्ड मिला। आयोजन के दौरान सीमित शृंखला या टीवी के लिए बनी मोशन पिक्चर मेें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान ‘द लाउडेस्ट वॉइस’ के लिए रसेल क्रो को मिला। इसी सीरिज में सर्वश्रेष्ठ सपोर्टिंग अभिनेता का खिताब ‘शर्नोबिल’ शृंखला के लिए स्टेलन स्कार्स गार्ड ने हासिल किया।
इस आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म ‘1917’ की रही, जिसने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ मोशन पिक्चर के दो बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। आयोजन में भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा आकर्षण का केंद्र रहीं। इस दौरान उन्होंने पिंक गाउन पहना था। पूर्व मिस वर्ल्ड ने इस ग्रैंड ईवेंट में अपने पति निक जोनस के साथ शिरकत की।
‘जोकर’ ने रचा इतिहास
फिल्म ‘जोकर’ ने दो अवॉर्ड जीतकर गोल्डन ग्लोब में इतिहास रच दिया है। पहली बार किसी कॉमिक बुक फिल्म ने दो पुरस्कार जीते हैं। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता बने जॉकिन फीनिक्स को उनके किरदार के लिए पहले ही दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया है। अनुमान लगा रहे हैं कि वो जोकर के लिए ऑस्कर भी जीत सकते हैं।
रॉकेटमैन का गाना सर्वश्रेष्ठ
‘रॉकेटमैन’ के ‘आई एम गॉना लव मी अगेन’ को बेस्ट ऑरिजिनल गाने का पुरस्कार मिला। ‘फ्रोजन 2’ और ‘द लॉयन किंग’ जैसी बड़ी फिल्मों को पछाड़कर इस साल बेस्ट एनिमेटेड मोशन पिक्चर का अवॉर्ड ‘मिसिंग लिंक’ ने जीता। ‘वन्स अपऑन ए टाइम इन हॉलीवुड’ में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का खिताब ब्रैड पिट को मिला। वहीं, फिल्म के डायरेक्टर क्वेंटिन टैरेंटीनो को बेस्ट स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड भी मिला।
उम्मीद नहीं थी कि अवॉर्ड मिलेगा : कॉक्स
शोबिज में 60 साल काम करने के बाद आखिरकार अभिनेता ब्रायन कॉक्स ने अपना पहला गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड जीत लिया है। यह अवॉर्ड उन्हें टीवी शो ‘सक्सेशन’ के लिए 77वें अवॉर्ड समारोह में दिया गया। अवॉर्ड लेने के बाद कॉक्स ने कहा, ‘सबसे पहले तो मैं अपने साथ नामांकित हुए लोगों से माफी मांगता हूं, जो मैंने यह अवॉर्ड जीत लिया। मेरा मतलब है, मुझे माफ कर दीजिए, लेकिन मुझे उम्मीद नहीं थी कि यह अवॉर्ड मिलेगा। और मैं जिस व्यवसाय में हूं, मुझे अगले साल इसमें रहते हुए 60 साल हो जाएंगे और मुझे लगा था कि मेरे साथ यह कभी नहीं होगा।’