ये रहीं 2014 की 9 सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड में 2014 को बड़ी फिल्मों के साल के रूप में याद किया जाएगा। कहने को तो 150 से अधिक फिल्में इस साल रिलीज हुईं लेकिन सफलता का स्वाद तो कुछ ही फिल्में ले पाईँ। इस साल शाहरुख, सलमान, ऋतिक रोशन, अजय देवगन और अक्षय कुमार की फिल्में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में साबित हुईं।
उधर नए कलाकारों में आलिया भट्ट और श्रद्घा कपूर पर किस्मत मेहरबां रही। अपेक्षाकृत नए कलाकारों में रणबीर और शाहिद इस सफलता से दूर रहे। शाहिद की फिल्म हैदर चर्चित तो हुई लेकिन कमाई के मामले में बड़ी फिल्म नहीं बन पाई। चलिए देखते हैं कि वे कौन सी नौ फिल्में हैं जिन्होंने इस साल सबसे ज्यादा कमाई की है।
किक बनी साल की सबसे बड़ी फिल्म
किक इस साल की सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभरी है। यह फिल्म 2014 की ही नहीं सलमान के कैरियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई। साजिद नाडियावाला पहली बार किसी फिल्म का निर्देशन कर रहे थे। एक निर्देशक के रूप में साजिद ने शानदार शुरुआत की।
सलमान खान, जैकलीन फर्नांडीज, रणदीप हुड्डा और सौरभ शुक्ला की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म ने देश के साथ विदेश में भी अच्छा कारोबार किया। इस फिल्म ने भारत में 233 करोड़ का कारोबार किया है। यदि कमाई में विदेश से हुई कमाई भी जोड़ लें तो आंकड़ा 400 के करीब पहुंचता है। इस फिल्म के पहले सलमान खान की सबसे बड़ी फिल्म दबंग 2 मानी र रही है।
ठीक पीछे खड़े हैं शाहरुख
सलमान के ठीक पीछे शाहरुख खान खड़े हैं। शाहरुख खान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म हैप्पी न्यू ईयर 2014 की सबसे बड़ी फिल्म बनी। फराह खान के निर्देशन वाली इस फिल्म ने 203 करोड़ कमाए हैं। शाहरुख की यह फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस से पीछे रह गई।
फराह खान की इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोन, अभिषेक बच्चन, सोनू सूद और बोमन ईरानी की भी खास भूमिकाएं थीं। इस फिल्म की सफलता के साथ एक विवाद तब बढ़ गया जब जया बच्चन ने इस फिल्म को घटिया कह डाला। इसके बाद कुछ समय तक बच्चन परिवार और शाहरुख के बीच शीत युद्घ जैसी हालत बन गई थी।
फिर आई ऋतिक की बारी
इस साल ऋतिक रोशन दो वजहों से चर्चाओं में रहे। पहली वजह ऋतिक और सुजैन का तलाक रहा और दूसरी वजह ऋतिक की फिल्म बैंग बैंग। हॉलीवुड फिल्म डे एंड नाइट की हिंदी रीमेक इस फिल्म ने कमाई से सबको हैरत में डाला। 2 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने उम्मीद से बढ़कर कारोबार किया।
खास बात यह थी कि उसी दिन विशाल भारद्घाज की चर्चित फिल्म हैदर भी रिलीज हुई थी। हैदर के चर्चाओं में रहने के बावजूद इस फिल्म ने दर्शक बटोरे। फिल्म ने भारतीय बाजार पर 181 करोड़ कमाए। यह ऋतिक रोशन के कैरियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई। इसके पहले ऋतिक कृष 3 में करीब 225 करोड़ की कमाई कर चुके थे। बैंग बैंग में ऋतिक के साथ कैटरीना कैफ की जोड़ी थी। दर्शकों को यह नई नवेली जोड़ी भी रास आई।
फिर चला सिंघम का जादू
खानों की तरह रोहित शेट्टी ने भी अपने दर्शक तैयार कर लिए। कॉमेडी और एक्शन की अपनी खास स्टाइल बना चुके रोहित शेट्टी इस साल सिंघम रिटर्न्स फिल्म के साथ आए। सिंघम की इस सीक्वल फिल्म में हीरो के रूप में अजय देवगन थे। इस बार काजल अग्रवाल की जगह करीना कपूर थीँ।
15 अगस्त को रिलीज हुई इस मसाला एक्शन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस में 141 करोड़ कूट डाले। 15 अगस्त होने की वजह से इस फिल्म को जोरदार ओपनिंग मिली। चेन्नई एक्सप्रेस के बाद सिंघम रिटर्न्स रोहित शेट्टी के कैरियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई।
अक्षय कुमार भी चले
बॉलीवुड के बड़े कलाकारों में अक्षय कुमार एक ऐसे कलाकार हैं जो साल में 5 से ज्यादा फिल्में करते हैं। उनकी फिल्में आमतौर पर बड़ी साबित नहीं होतीं लेकिन वह अपनी लागत को निकालकर सफल जरूर हो जाती हैं।
इस साल अक्षय की फिल्म हॉलीडे सफल फिल्मों में साबित हुई। आतंकवाद के बैकग्राउंड पर बनी इस फिल्म ने करीब 113 करोड़ की कमाई की। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सोनाक्षी सिन्हा थीं। फिल्म का निर्देशन ए आर मुर्गादास ने किया। अब इस फिल्म की सीक्वल फिल्म की बात भी शुरू हो गई है।
सलमान की एक और फिल्म
सलमान खान की एक और फिल्म इस साल की सफल फिल्मों में शामिल है। हालांकि इस फिल्म की लागत और कमाई देखकर इसे औसत फिल्म ही माना गया। बात जय हो फिल्म की हो रही है।
जय हो सलमान खान की बड़ी फिल्म के रूप में देखा नहीं जाता है। फिर भी यह फिल्म इस साल की 10 सबसे बड़ी फिल्मों में बनी हुई है। 26 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म को सलमान के फैंस ने भी नकार दिया था। इस फिल्म से सलमान को सबसे कमजोर ओपनिंग मिली थी। फिल्म ने करीब 111 करोड़ कमाए थे।
श्रद्घा का जादू एक बार फिर
आशिकी 2 के बाद श्रद्घा कपूर के खाते में एक और बड़ी फिल्म आई। इस साल श्रद्घा, सिद्घार्थ मेल्होत्रा के साथ एक विलेन फिल्म में आईं। शानदार गानों और कुछ कथित बेडरूम दृश्यों की वजह से फिल्म को शानदार ओपनिंग मिली। फिल्म ने 105 करोड़ कमाए। यह श्रद्घा के कैरियर की सबसे बड़ी फिल्म थी।
इस फिल्म के बाद श्रद्घा कपूर और सिद्घार्थ मेल्होत्रा के बीच अफेयर की खबरें आती रहीं। एक विलेन फिल्म ने रितेश देशमुख के खत्म हो चले कैरियर को भी एक नई शुरुआत दी।
आलिया चले या चेतन भगत
चेतन भगत के उपन्यास 2 स्टेटस पर अभिषेक वर्मन ने इसी नाम से फिल्म बनाई। इस फिल्म ने शानदार कारोबार किया। फिल्म में आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। यह फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चाओं में आ गई।
चर्चा की वजह फिल्म के बेडरूम और किस सीन थे। फिल्म के पहले ही आलिया और अर्जुन के किस सीन इंटरनेट पर आ गए। इससे इस फिल्म को फायदा हुआ। इस फिल्म ने 104 करोड़ की कमाई की।
एक और आलिया की फिल्म
आलिया भट्ट की एक और फिल्म 2014 की बड़ी फिल्मों में शामिल हुई। शशांक खेतान की फिल्म हम्टी शर्मा की दुल्हनियां एक तरह से शाहरुख-काजोल की फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का रीमेक थी।
फिल्म अपने गानों और आलिया वरूण पर फिल्माए गए एक बेडरूम सीन की वजह से चर्चाओं में आई। आलिया का नाम होने के बाद भी यह फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल तो नहीं हुई लेकिन फिल्म ने 77 लाख की कमाई जरूर कर ली। लगभग इतनी ही कमाई यशराज बैनर की फिल्म गुंडे ने की।