जानिए तीनों 'बॉलीवुड खान्स' के लिए क्यों बेहद खास है यह साल!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस साल बॉलीवुड के सुपर स्टार तीन खान सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान 50 साल के हो जाएंगे। पर इस उम्र में भी ये तीनो खान न सिर्फ हिट फिल्में दे रहे हैं बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जगह बनाने में भी कड़ी चुनौती दे रहे है।
क्या है ऐसा इन 'खान्स' में जो वो आज तक नंबर एक के पायदान पर हैं? जबकि अमिताभ बच्चन 50 साल के हुए तब उनका स्टारडम डगमगाने लगा था।
तीनों खान ने लोगों के बीच अपनी अलग छवि बना रखी है। जहां शाहरुख खान ने अपनी फिल्मों से रोमेंटिक हीरो की छवि बनाई, वहीं सलमान खान रोमांटिक हीरो से दबंग एक्शन हीरो बने हुए नज़र आते हैं और आमिर खान ने खुद को 'परफ़ेक्शनिस्ट' बना लिया।
तीनों सुपर स्टार्स के बारे में जानकार भी रखते हैं अच्छी राय
फ़िल्म निर्देशक, लेखक और अभिनेता नीरज वोरा कहते है, "मैं आमिर ख़ान को कॉलेज के दिनों से जानता हूं। जब वो कॉलेज नाटको में बैक स्टेज काम करते थे तभी भी उन्हें कोई भी काम करने में किसी तरह की हिचक नहीं थी। आमिर शतरंज के माहिर खिलाड़ी है। आमिर जब तक 100 प्रतिशत अाश्वस्त नहीं हो जाते वो काम नहीं करते।
वो आगे कहते हैं, "वहीं सलमान ख़ान सही मायने में बड़े दिल वाले हैं, वो दोस्ती के लिए कुछ भी कर गुज़रने में विशवास रखते है और यही उनकी ख़ामी भी है।"
फिल्म इंडस्ट्री में लगातार चमक रहे ये सितारे
इन तीनों स्टार्स के सितारे बॉलीवुड में लगातार पिछले कई दशक से चमक रहे हैं। अभिनेता अर्जुन रामपाल कहते हैं, "शाहरुख़ ख़ान बहुत मेहनती है और उनमें कमाल की ऊर्जा है। वो अपने लक्ष्य से टस से मस नहीं होते। "
शाहरुख़ ख़ान ख़ुद कहते हैं कि उनकी उम्र तो बढ़ रही है पर वो दिमाग़ी तौर से और जवान होते जा रहे है और उनकी फुर्ती में कोई कमी नहीं आई है।
इन तीनों सुपर स्टार्स के बारे में जानकार भी बेहद अच्छी राय रखते हैं। हिंदी फिल्म इतिहासकार राजा भारतन कहते हैं, "शाहरुख हर फिल्म से निखरते रहे और आमिर ने समझकर फिल्में करना शुरू किया। सलमान खान में हमेशा से ही सुनहरा स्पर्श रहा है। पर सिर्फ़ क़िस्मत आपको आगे नहीं ले जा सकती मेहनत भी ज़रूरी है। राजश्री फ़िल्मों ने सलमान ख़ान को बनाया।"
अपनी कैरियर में बेहद समझदारी से चुनी फिल्में
बॉलीवुड के तीनों स्टार्स सलमान, शाहरुख और आमिर ने अपने कैरियर में बेहद समझदारी से फिल्मों का चुनाव किया है। इससे फिल्म इंडस्ट्री में उनकी चमक लगातार बनपी हुई है।
हिंदी फ़िल्म इतिहासकार रफ़ीक़ बग़दादी कहते है, "तीनों ख़ानों ने निर्देशकों से साझेदारी कर सफल फ़िल्में दी हैं। मिसाल के तौर पर सलमान ख़ान ने सूरज बड़जात्या से, शाहरुख़ ख़ान ने यश चोपड़ा से व आमिर ख़ान ने राजकुमार हिरानी से साझेदारी कर बेहतरीन फिल्में दी।"
राजा भारतन कहते हैं, "भले ही भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री ने अपने सफल 100 साल पूरे किए पर फ़िल्म इंडस्ट्री को पहले सम्मान नहीं मिलता था और फ़िल्मो में अंडरवर्ल्ड का भी काफ़ी प्रकोप था। अब फ़िल्म व्यवसाय को सम्मानजनक व्यवसाय माना जाता है।"
एक दूसरे से बच के चलते हैं ये तीनों स्टार्स
बॉलीवुड के इन स्टार्स में एक बात बहुत सामान्य है कि वह फिल्मों के मामले में एक दूसरे से हमेशा बच कर चलते हैं, जिससे उनकी फिल्में एक दूसरे टकराती नहीं हैं। इससे लोगों में इन तीनों स्टार्स की फिल्म देखने का हमेशा उत्साह बना रहता है।
फिल्म इतिहासकार रफ़ीक़ बग़दादी का मानना है, "फ़िल्म इंडस्ट्री में तकनीकी क्रांति भी आई है। मीडिया भी बढ़ा है, टीवी क्रांति के बाद फ़िल्मी सितारों की पहुंच भी बढ़ी है। पहले अभिनेता को जैसे ही किरदार मिलते थे और उनकी अधिकतर फ़िल्में उसी साल आ जाती थी। तीनो ख़ानों की फ़िल्में एक अंतराल में आती है जिससे लोगों में उन्हें देखने का उत्साह बरक़रार रहता है"।